Headlines

कांग्रेस का माहौल, फिर भी हरियाणा में BJP कैसे जीती:अमित शाह ने 3 कारण गिनाए, बोले- 57 साल में कोई सरकार तीसरी बार आई

हरियाणा में नायब सैनी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। बुधवार (16 अक्टूबर) को विधायक दल की मीटिंग में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। मीटिंग के बाद नायब सैनी के नाम का ऐलान करते हुए अमित शाह ने कहा कि अनिल विज और कृष्ण कुमार बेदी ने नायब सैनी को विधायक दल का नेता बनाने का प्रस्ताव रखा। सभी विधायकों की सहमति के बाद उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा की स्थापना 60 के दशक में हुई। तब से लेकर अब तक कोई भी मुख्यमंत्री लगातार अपनी पार्टी को विजयी बनाने में सफल नहीं हुआ। पहली बार हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनी है। उसका मुख्य कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं। जब वह संगठन का काम देखते थे, वह हरियाणा के प्रभारी थे। उन्हें हरियाणा की समस्याओं की समझ उसी वक्त से है।

पहले मनोहर लाल खट्‌टर जी मुख्यमंत्री बने। उन्होंने साढ़े 9 साल सरकार चलाई। इसके बाद पार्टी ने उन्हें केंद्र में जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया। इसके बाद युवा नायब सैनी को प्रदेश की बागडोर सौंपी गई। उनके नेतृत्व में हम तीसरी बार चुनाव जीतकर आए हैं।

मीटिंग के बाद अमित शाह ने हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार आने के 3 कारण भी गिनाए।

1. किसानों से अन्याय की बात फैलाई

अमित शाह ने कहा कि यह भ्रांति फैलाई गई कि किसानों के साथ अन्याय हुआ है। मैं आज विपक्ष से कहना चाहता हूं कि कोई राज्य 24 फसलों को MSP पर खरीदता है तो वह भाजपा के शासन वाला हरियाणा है। केंद्र में बनी नरेंद्र मोदी ही ऐसी सरकार है, जिसने MSP पर सबसे ज्यादा फसलों की खरीद की।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अमित शाह ने नायब सेनी की पीठ थपथपाई।

2. विपक्ष ने अग्निवीर पर भड़काया

अमित शाह ने कहा कि अग्निवीर स्कीम पर विपक्ष ने भड़काने में कोई कमी नहीं छोड़ी। अग्निवरी युवाओं को अन्याय देने वाली योजना नहीं है, बल्कि सेना को युवा बनाने वाली योजना है, सेना को मजबूत बनाने की योजना है। भाजपा का वादा है कि अग्निवीर से वापस आया जवान भारत सरकार या हरियाणा सरकार से पेंशन प्राप्त करेगा।

सेना में हर दसवां जवान हरियाणा का है। हरियाणा ने देश में अन्न के भंडार बनाए। हमारी सरकार की प्रायोरिटी युवाओं को रोजगार और हमारे किसानों की खुशहाली है। हमने इसे अपने घोषणा पत्र में भी रखा है। मुझे विश्वास है कि नायब सिंह की सरकार इसी तरह से काम करेगी।

अमित शाह ऑब्जर्वर बनकर विधायक दल की मीटिंग में शामिल हुए थे।

3. भाजपा ने 36 बिरादरी की सरकार चलाई

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पूरे हरियाणा का विकास किया। पहले जातियों के आधार पर भी सरकारें चलीं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई। जाति के आधार पर विकास की संकल्पना को खारिज कर दिया। हम हर वर्ग को ध्यान में रखकर विकास करने में विश्वास करते हैं।

हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर और नायब सैनी ने 36 बिरादरी के विकास की सरकार चलाई। इन 3 कारणों ने तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024