Headlines

मुंबई में NCP (अजित गुट) के नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सिद्दीकी का जनाजा मुंबई के मरीन लाइंस स्टेशन के सामने बड़ा कब्रिस्तान में पहुंच गया है। बाबा सिद्दीकी को थोड़ी देर में राजकीय सम्मान के साथ दफन किया जाएगा।

मुंबई में बारिश के बीच बाबा सिद्दीकी का जनाजा कब्रिस्तान के लिए रवाना हुआ था। बड़ा कब्रिस्तान के बाहर पुलिस की कड़ी सुरक्षा की गई है। कब्रिस्तान में परिवार के लोगों और बेहद करीबियों को ही एंट्री है।

सिद्दीकी के मर्डर के 28 घंटे बाद रविवार को लॉरेंस गैंग ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली। इस पोस्ट की जांच भी पुलिस कर रही है। इसमें लिखा है, “सलमान खान और दाऊद की मदद करने वालों को छोड़ेंगे नहीं।” इस पोस्ट में लॉरेंस और अनमोल को हैशटैग किया गया है।

इस केस में अब तक 3 आरोपियों, हरियाणा के गुरमेल और यूपी के धर्मराज और पुणे से प्रवीण सोनकर को गिरफ्तार किया गया है। तीन आरोपियों यूपी के शिव, पंजाब के जीशान अख्तर और शुभम सोनकर की तलाश जारी है। शुभन और प्रवीण भाई हैं। शुभम ने ही फेसबुक पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी ली थी।

मुंबई कोर्ट ने रविवार को आरोपी गुरमेल को 7 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा। दूसरे आरोपी धर्मराज ने खुद को नाबालिग बताया है, जिसकी जांच की जा रही है।

बड़ा कब्रिस्तान में बाबा सिद्दीकी के जनाजे को अंदर ले जाते लोग।

प्रवीण ने शुभम के साथ मिलकर हत्याकांड की साजिश की मुंबई पुलिस के मुताबिक प्रवीण और शुभम ने मिलकर बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश की थी। दोनों ने ही धर्मराज कश्यप और शिवकुमार गौतम को इस साजिश में शामिल किया था। पंजाब के जीशान अख्तर पर हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों को रहने के लिए कमरा दिलाने का आरोप है।

सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई लॉरेंस का नाम सामने आने के बाद सलमान खान के घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। लॉरेंस गैंग ने इसी साल अप्रैल में सलमान के घर पर फायरिंग करवाई थी।

बाबा सिद्दीकी की हत्या शनिवार रात को उनके विधायक बेटे जीशान के बांद्रा स्थित ऑफिस के सामने की गई थी। उन्हें तीन गोलियां मारी गईं थीं। वे इसी साल फरवरी में कांग्रेस छोड़कर अजित पवार की NCP में शामिल हुए थे। सिद्दीकी बांद्रा से 3 बार विधायक रह चुके थे।

बाबा सिद्दीकी पर हमले की लोकेशन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024