प्रहलाद पटेल के बेटे ने कहा-जानते हो, पापा मंत्री हैं:पुलिसकर्मी को दी वर्दी उतरवाने की धमकी; लेडी ASI से भिड़ा राज्यपाल गहलोत का पोता
मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल पटेल का पुलिस से बदसलूकी करने और वर्दी उतरवाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना 9 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे जबलपुर की है।
वहीं, नागदा में शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान कर्नाटक के राज्यपाल और बीजेपी के सीनियर लीडर थावरचंद गहलोत का पोता विशाल महिला एएसआई से भिड़ गया। उसने विवाद का वीडियो बना रहे पुलिसकर्मियों से मोबाइल छीनने की कोशिश की।
इन दोनों ही घटनाओं के वीडियो भी सामने आए हैं। मध्यप्रदेश में बीते 4 दिन में पुलिस से नेताओं के परिजन के विवाद की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 11 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह के भतीजे और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह के बेटे आदित्य विक्रम सिंह ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की थी।
जबलपुर में पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करता दिखा प्रबल पटेल पुलिस के अनुसार, मंत्री प्रहलाद पटेल का बेटा प्रबल पटेल बिना नंबर की कार चला रहा था। उसकी गाड़ी लेबर चौक पर एक डॉक्टर की गाड़ी से टकरा गई। आरोप है कि प्रबल ने डॉक्टर से बदसलूकी की। हंगामा होता देख स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई।
वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस अधिकारियों ने जब बीच-बचाव का प्रयास किया तो प्रबल और उसके साथी उनसे भिड़ गए। एक पुलिसकर्मी ने जब रोकने की कोशिश की तो प्रबल ने उससे धक्का-मुक्की कर दी।
इस पूरे मामले में मंत्री और उनके बेटे का कोई बयान अब तक नहीं आया है। वहीं, कांग्रेस ने X पर लिखा- भाजपा के राज में आम जनता मंत्री पुत्रों का आतंक झेलने को मजबूर है। कुर्सी की गर्मी का पूरा इस्तेमाल इनके बेटे दबंगई से कर रहे हैं।
डॉक्टर की बाइक से टकराई थी प्रबल पटेल की कार सूत्रों के मुताबिक, प्रबल पटेल अपने एक दोस्त के साथ कार से जबलपुर के लेबर चौक से गुजर रहा था। वहीं मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक डॉक्टर बाइक पर अपनी मां के साथ जा रहे थे। प्रबल की कार उनकी बाइक से टकरा गई।डॉक्टर ने कहा- भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी तेजी से कार क्यों चला रहे हो? इस पर प्रबल गुस्से में कार से उतरा और डॉक्टर से विवाद करने लगा।
हंगामे की जानकारी मिलते ही यादव कॉलोनी चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर सतीश झारिया स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने लगे। प्रबल ने झारिया के साथ अभद्रता करते हुए कहा- जानते हो, मैं कौन हूं? मेरे पापा मंत्री हैं।
डीआईजी बोले- किसी भी तरह की शिकायत नहीं मिली एसआई सतीश झारिया ने बताया कि प्रबल पटेल की कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी थी। इसमें बुजुर्ग महिला को चोट भी लगी थी। प्रबल को समझाया तो वह अपने पिता के नाम का रसूख दिखाने लगा।
डीआईजी टीके विद्यार्थी का कहना है कि किसी भी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। स्थानीय पुलिस थाने के मुताबिक, बुजुर्ग डॉक्टर दंपती ने भी कोई शिकायत नहीं की है।
नागदा में विशाल गहलोत ने की बहस, वीडियो बनाने से रोका उधर, नागदा में शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मी सीमित संख्या में ही लोगों को चंबल नदी के किनारे जाने दे रहे थे। इसी दौरान दोपहर में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत का पोता और पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत का बेटा विशाल गहलोत, धीरज गहलोत, नपा अध्यक्ष संतोष गहलोत के पति ओमप्रकाश गहलोत सहित दो अन्य लोगों को भी पुलिस ने रोका।
विशाल ने आगे बढ़ने का प्रयास किया तो एएसआई पूजा राठौर ने उसके सामने आ गईं। इस पर विशाल पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। विवाद बढ़ता देख पुलिसकर्मी वीडियो बनाने लगे। विशाल और उसके साथियों ने धमकी देते हुए मोबाइल छीनने की कोशिश की।
पुलिस ने कहा- उन्हें रोकने का प्रयास किया, इसके अलावा कोई बात नहीं एएसपी नीतेश भार्गव ने बताया कि नदी पर सिर्फ पांच लोगों को जाने की अनुमति थी। वे लोग ज्यादा संख्या में जा रहे थे। उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके अलावा कोई बात नहीं हुई है इसलिए मामले में किसी के ऊपर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
कांग्रेस बोली- कुर्सी की गर्मी का पूरा इस्तेमाल
गुना में दिग्विजय सिंह के भतीजे ने भी की थी पुलिस से बदसलूकी इससे पहले 11 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह के भतीजे और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह के बेटे आदित्य विक्रम सिंह ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की थी। महिला एसडीओपी और टीआई का घर जलाने की धमकी देने वाले आदित्य पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि, दिग्विजय ने भतीजे की इस करतूत को मामूली घटना बताया है।
दिग्विजय सिंह ने शनिवार को कहा, ‘बहुत छोटी घटना थी। वह जा रहा था, प्रशासन ने सड़क पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किया था। उसे जानकारी नहीं थी। पुलिस अपना काम कर रही है, जो होगा देखा जाएगा।’ आदित्य की हरकत पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि एक अच्छे खानदानी परिवार का नौजवान ऐसा काम करता है। परिवार के सदस्यों को उसे समझाना चाहिए।
एसडीओपी और टीआई के मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ा था गुना के राघौगढ़ में शुक्रवार को ‘मैं हूं अभिमन्यु’ अभियान के तहत पुलिस की ओर से जेपी कॉलेज के छात्र चौराहे पर नुक्कड़ नाटक कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे आदित्य विक्रम सिंह ने विरोध करते हुए कार्यक्रम रोकने को कहा। इस दौरान उन्होंने महिला पुलिस अधिकारी और एसआई से काफी बदसलूकी की थी।
घटना का वीडियो भी सामने आया था। इसमें आदित्य एसडीओपी और टीआई के मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ने के बाद बहस करता है और कहता है- बेटा मामला अब गरम हो गया है। पुलिस ने इस मामले में आदित्य के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, शासकीय सेवक से धक्का-मुक्की करने और गालीगलौज करने का केस दर्ज किया है।
खबर पर आप अपनी राय यहां दे सकते हैं…
