Headlines

गुजरात के मेहसाणा में हादसा, 7 मजदूरों की मौत:एक को जिंदा निकाला, 2 की तलाश जारी; फैक्ट्री में टैंक खोदते वक्त मिट्टी गिरी

गुजरात के मेहसाणा जिले में शनिवार को टैंक खोद रहे मजदूरों पर मिट्टी गिर गई। हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई। 19 साल के लड़के को जिंदा बचा लिया गया। हादसा मेहसाणा से लगभग 37 किमी दूर जासलपुर गांव के पास हुआ।

पुलिस ने बताया कि जासलपुर गांव में एक फैक्ट्री के लिए कई मजदूर अंडरग्राउंड टैंक खोद रहे थे, तभी मिट्टी धंस गई। 7 मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दो से तीन मजदूरों के अभी भी मिट्‌टी में दबे होने की आशंका है। बचाव अभियान जारी है।

स्टील आईनॉक्स स्टेनलेस प्राइवेट लिमिटेड में हादसे के बाद जेसीबी की मदद से मिट्‌टी हटाई जा रही है। कंपनी में अभी कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। जब मजदूर टैंक खोद रहे थे, तब अचानक मिट्टी गिरी। मौके पर 5 एम्बुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद है।

हादसे के फोटोज…

मेहसाणा से लगभग 37 किमी दूर जासलपुर गांव स्थित फैक्ट्री में रेस्क्यू वर्क जारी है।
स्टील आईनॉक्स स्टेनलेस प्राइवेट लिमिटेड में कंस्ट्रक्शन वर्क के दौरान हादसा हुआ।
जेसीबी से मिट्टी हटाई जा रही है। 7 मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
रेस्क्यू मिशन अभी जारी है। आशंका है कि अभी कुछ मजदूर मिट्टी में दबे हुए हैं।

निजी कंपनी के थे मजदूर मेहसाणा जिले के एसपी डॉ. तरूण दुग्गल ने बताया कि कादी के गांव में नई कंपनी का निर्माण कार्य चल रहा था, तभी हादसा हुआ। सभी टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। मजदूर किसी निजी कंपनी के बताए गए हैं। प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। हादसे की जांच की जा रही है।

मेहसाणा की जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) डॉ. हसरत जैस्मिन ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 12.45 बजे हुआ। हमारी जानकारी के अनुसार वहां 9-10 लोग फंसे हुए थे, जिनमें से 7 के शव मिल गए हैं। 19 साल के एक लड़के को जिंदा बचा लिया गया है। उसके बयान के मुताबिक, 8-9 लोग यहां काम कर रहे थे। इनमें दो महिलाएं हैं। 2-3 लोग अभी भी फंसे हुए हैं।

प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख की मदद PM नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावितों की​​​​​​ हरसंभव मदद करेगा।प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद का ऐलान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024