बम की धमकी के बावजूद 3.30 घंटे उड़ता रहा प्लेन:विस्तारा लंदन-दिल्ली फ्लाइट में मिला धमकी भरा टिश्यू पेपर; 5 घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसे पैसेंजर
लंदन से दिल्ली के लिए उड़ी विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट UK18 में बुधवार को बम की सूचना से हड़कंप मच गया। फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने से करीब साढ़े 3 घंटे पहले एक यात्री ने प्लेन के टॉयलेट में धमकी भरा टिश्यू पेपर देखा। उसने क्रू मेंबर को सूचना दी। फ्लाइट को दिल्ली में लैंड कराकर आइसोलेशन-बे में ले जाया गया, जहां सभी पैसेंजर के सामान की जांच की गई। हालांकि बम जैसी कोई चीज नहीं मिली।
इस मामले में अहम पेंच यह भी है कि बम की सूचना वाला टिश्यू पेपर मिलने के बावजूद साढ़े 3 घंटे तक प्लेन हवा में उड़ता रहा। पुलिस ने क्रू मेंबर्स से सवाल किया कि बम की सूचना के बावजूद प्लेन को दिल्ली तक क्यों लाया गया। किसी नजदीकी देश में ही लैंडिंग की इजाजत मांगी जा सकती थी।
पुलिस के सवाल पर पायलट और क्रू मेंबर्स ने कहा कि रास्ते में फ्लाइट लैंड करवाने पर प्लेन के हाइजैक होने का खतरा था। इससे बचने के लिए फ्लाइट को सीधे दिल्ली लाया गया। फ्लाइट में करीब 300 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। सुरक्षा जांच के चलते पैसेंजर्स करीब 5 घंटे एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे।
दिल्ली एयरपोर्ट पर आइसोलेशन बे में खड़ा प्लेन और लगेज की जांच की तस्वीरें
प्लेन में सवार पैसेंजर ने भास्कर को बताया- यह डराने वाला अनुभव था
विस्तारा की फ्लाइट में लंदन से दिल्ली आ रहे राजीव गौतम ने भास्कर को बताया कि बम होने की सूचना मिलने के बाद करीब साढ़े 3 घंटे का रास्ता डर के बीच गुजरा। फ्लाइट तय समय सुबह 11.20 बजे दिल्ली पहुंच गई थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर इसे बिल्कुल कोने में खड़ा किया गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने प्लेन को घेर लिया।
उन्होंने बताया कि प्लेन से पहले बिजनेस क्लास पैसेंजर, फिर प्रीमियम इकोनॉमी और आखिर में इकोनॉमी क्लास के पैसेंजर्स को उतारा गया। सभी के बैगेज चेक करने के लिए मोबाइल एक्स-रे स्कैनिंग वैन बुलाई गई। सामान की चेकिंग के बाद पैसेंजर को डिपार्चर गेट नंबर 4 के पास बैठाया गया।
सुरक्षाबलों की तरफ से कहा गया कि सारी जांच होने तक किसी भी यात्री को टर्मिनल बिल्डिंग में जाने की इजाजत नहीं है। कनेक्टिंग फ्लाइट पैसेंजर्स को भी जाने की इजाजत नहीं दी गई। हालांकि एयरलाइन की तरफ से सभी यात्रियों को नाश्ता और पानी दिया गया।
विस्तारा ने कहा- हम जांच में सहयोग कर रहे
विस्तारा एयरलाइन ने आधिकारिक बयान में कहा, ‘लंदन से दिल्ली वाली फ्लाइट में यह अफवाह सामने आई। प्रोटोकॉल के तहत अफसरों को तुरंत सूचित किया गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्लेन के सुरक्षित रूप से उतरने के बाद हम आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी करने में संबंधित अफसरों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।’
जांच के दौरान करीब 5 घंटे एयरपोर्ट पर फंसे रहे मुसाफिर
सुरक्षाकर्मियों ने यात्रियों से उनका केबिन बैगेज भी जांच के लिए जमा करा लिया। केबिन बैगेज को भी एयरपोर्ट के अंदर न ले जाते हुए फ्लाइट के बाहर ही चेक किया जा गया। केबिन बैगेज पर पहचान के लिए स्लिप नहीं होती है। यात्रियों के पूरे सामान की जांच के बाद उनको दोबारा फ्लाइट के पास ले जाकर उनके लगेज की पहचान कराई गई। इसके बाद उन्हें टर्मिनल के अंदर ले जाया गया।
इस पूरी प्रोसेस के दौरान करीब 5 घंटे गुजर गए। फ्लाइट से करीब साढ़े 9 घंटे में लंदन से दिल्ली पहुंचे पैसेंजर्स एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे। कई पैसेंजर्स की कनेक्टिंग फ्लाइट्स थीं, लेकिन उनके लिए किसी भी अल्टरनेट अरेंजमेंट की जानकारी नहीं दी गई है।
फ्लाइट्स और एयरपोर्ट में बम की सूचना से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
