हरियाणा में BJP की सरकार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि दशहरे के दिन यानी 12 अक्टूबर को नई सरकार शपथ ग्रहण करेगी। अब तक की दिल्ली में हुई बैठकों में नायब सैनी को ही मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सहमति बनी है। हालांकि, दिल्ली में बैठकों का दौर जारी है।
सूबे के साढ़े 9 साल मुख्यमंत्री रहे मौजूदा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के आवास पर हरियाणा के नेताओं के पहुंचने का दौर जारी है।
अब तक के रुझानों में BJP को बढ़त मिलने के बाद हरियाणा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी बिप्लब देब, मनोहर लाल खट्टर के आवास पर मीटिंग कर चुके हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा खुद मुख्यमंत्री नायब सैनी से फोन पर चुनाव का अपडेट ले चुके हैं।
रुझानों ने चौंकाया विधानसभा चुनाव 2024 की मतगणना आज सुबह 8 बजे शुरू हुई थी। रुझान आते ही कांग्रेस ने बढ़त बना ली और कुछ देर तक एक तरफा जीत की ओर बढ़ती रही। पार्टी ने 65 सीटों को छू लिया था। भाजपा कम होकर 17 सीटों पर आ गई थी, लेकिन 9:30 बजे भाजपा टक्कर में आई और दोनों पार्टियों में 2 सीटों का अंतर रह गया।
सुबह 9:44 बजे एक समय ऐसा आ गया जब दोनों पार्टी 43-43 सीटों पर आ गईं। इसके बाद भाजपा 51 सीटों तक पहुंच गई। करीब 11 बजे से भाजपा की सीटें 47 से 51 के बीच बनी हुई हैं।
हरियाणा में इस बार 67.90% वोटिंग हुई थी। पिछली चुनाव में 68.20% वोटिंग हुई थी।
सैनी ही CM होंगे, खट्टर ने की पुष्टि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हमने जितना हरियाणा के किसान, जवान और पहलवान के लिए किया है, उतना कांग्रेस कर ही नहीं सकती। यह जनता को पता है। लोग कांग्रेस के भ्रम में नहीं आए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी हार देखकर रिजल्ट देरी से घोषणा करने की बात कहते हैं। सैनी के CM होने के सवाल पर खट्टर ने कहा कि हमारे हाईकमान और गृह मंत्री ने इसकी घोषणा की है। बाकी यह संसदीय बोर्ड के हाथ में होता है।
