चेन्नई एयर शो में 5 की मौत:मंत्री बोले- गर्मी से जान गई; विपक्ष बोला- लोग 10 किमी पैदल चले, पानी नहीं था, CM की सेवा हो रही थी
चेन्नई के मरीना बीच पर रविवार को वायुसेना के एयर शो के दौरान 5 लोगों की मौत हो गई। तमिलनाडु में इन मौतों को लेकर राजनीति गर्म हो गई है। राज्य के हेल्थ मिनिस्टर सुब्रमण्यन ने कहा कि, ’15 लाख लोगों की भीड़ थी, गर्मी ज्यादा थी इसलिए 5 लोगों की मौत हुई। एयर फोर्स ने जितनी फैसिलिटी मांगी, उससे ज्यादा मुहैया कराई गई थीं।’
सुब्रमण्यन ने कहा, कार्यक्रम स्थल पर डॉक्टरों और नर्सों के साथ दो मेडिकल टीमें तैनात थीं। साथ ही 40 एंबुलेंस भी खड़ी थीं। उन्होंने यह भी कहा कि मरीना बीच पर पैरामेडिकल टीमों और पीने के पानी की भी व्यवस्था की गई थी। अस्पताल में जाने से पहले ही सभी मौतें हुई हैं।
AIADMK नेता कोवई सत्यन ने कहा, ‘अगर स्वास्थ्य मंत्री में थोड़ी भी शर्म है तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। लोगों को 10 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंचे। प्रशासन CM स्टालिन उनके बेटे और परिवार की सेवा में लगा हुआ था। वे AC टेंट में बैठे हुए थे। सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।’
वायुसेना के 92वें स्थापना दिवस से पहले हुआ एयर शो 8 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के 92वें स्थापना दिवस से पहले 6 अक्टूबर को चेन्नई में एयर शो हुआ था। इसे देखने के लिए मरीना बीच पर 15 लाख लोग जमा हुए। भारी भीड़ और गर्मी के चलते पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 से ज्यादा लोग बेहोश हो गए। एयर शो का नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया है।
एयर शो में पानी की व्यवस्था नहीं, रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एयर शो देखने गए लोगों ने बताया कि बीच पर पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। लोगों घंटों तक प्यासे बैठे रहे। वहीं, 1 बजे शो खत्म होने के बाद एक साथ लोग वहां से निकले जिसके चलते रास्तों पर ट्रैफिक जाम हो गया। भारी भीड़ के चलते एक लोकल रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई। अलग-अलग मेट्रो स्टेशन पर भी ऐसी ही भीड़ देखने को मिली।
घटना पर रिएक्शन…
चेन्नई के मरीना बीच पर आयोजित एयर शो को देखने आए लोगों को भीड़ से परेशानी हुई। चूंकि तापमान भी ज्यादा था। 5 लोगों की मौत की खबर बहुत दुखद और दर्दनाक है। अनियंत्रित भीड़भाड़ से भी बचना चाहिए।

कनिमोझी, DMK सांसद
5 लोगों की जान जाने को दुर्घटना नहीं कहा जा सकता। इसके लिए DMK सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।

के अन्नामलाई, तमिलनाडु BJP चीफ
एयर शो में सारंग, तेजस ने बनाए फॉर्मेशन वायुसेना के एयर शो में राफेल, सूर्यकिरण और सारंग समेत 72 एयरक्राफ्ट्स ने करतब दिखाए। शो का सबसे बड़ा अट्रैक्शन पॉइंट प्रथम विश्वयुद्ध में इस्तेमाल हार्वर्ड T-6G टैक्सन एयरक्राफ्ट रहा। भारतीय वायुसेना ने 1974 तक हार्वर्ड को इंटरमीडिएट ट्रेनर के रूप में इस्तेमाल किया था।
शो में एडवांस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस, सारंग, सुखोई 30 MKI, C17, C-295, अपाचे, लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर प्रचंड, डकोटा जैसे हैरिटेज एयरक्राफ्ट भी शामिल हुए।
6 अक्टूबर को हुए एयर शो की तस्वीरें…
