Headlines

हाजीपुर में बही 95KM दूर मोकामा में जिंदा मिली महिला:24 घंटे गंगा की लहरों से जूझती रही, अकड़ गया था शरीर, बोली-तैरना नहीं जानती

हाजीपुर में बही 95KM दूर मोकामा में जिंदा मिली महिला:24 घंटे गंगा की लहरों से जूझती रही, अकड़ गया था शरीर, बोली-तैरना नहीं जानती

पटना3 घंटे पहले

बिहार के सोनपुर में गंगा नदी में बही महिला 95 KM दूर मोकामा में मिली, वो भी जिंदा। वो 24 घंटे तक गंगा की तेज धार से खुद को बचाने के लिए जूझती रही। महिला का नाम प्रमिला देवी (60) है।

प्रमिला अपने पति के साथ वैशाली के सोनपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को नवरात्र पर गंगा स्नान के लिए गई थी। दोनों नहाने के दौरान नदी के गहरे पानी में चले गए और तेज धार में बहने लगे। लगभग 24 घंटे बाद मोकामा में लोगों ने प्रमिला को सही सलामत नदी से निकाल लिया।

वहीं पति के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। महिला का कहना है कि कि उसे तैरना नहीं आता है। वो गंगा में बहती चीजों के सहारे खुद को बचाती रही और मोकामा में लोगों ने उसे बचा लिया। पानी में 24 घंटे रहने की वजह से महिला का पूरा शरीर अकड़ गया था।

मोकामा के मेकरा गांव के सोनू पहलवान ने बताया वो गंगा किनारे बैठे थे। अचानक उसे एक महिला के चिल्लाने की आवाज आई। सोनू ने दोस्तों के साथ मिलकर नदी में नाव उतारी और आवाज की दिशा में बढ़ चले।

सोनू पहलवान ने बताया कि महिला गंगा नदी की बीच धारा में बहती जा रही थी। वह बचाने की गुहार लगाकर बेहोश हो गई थी। महिला को किसी तरह गंगा नदी की तेज धारा से खींचकर नाव में चढ़ा लिया। उसका हाथ-पैर पूरी तरह से अकड़ गया था।

महिला को स्थानीय लोगों ने गंगा से निकाला और उसका इलाज कराया गया।

गांव वालों ने की मदद

प्रमिला को गांव में लाया गया। महिला की हालत ठीक नहीं थी। शरीर बुरी तरह अकड़ा हुआ था। गांव की महिलाओं ने तेल मालिश की। डॉक्टर को बुलाया गया। इलाज के बाद अब महिला ठीक है। उसके घर वालों को सूचना दी गई। प्रमिला ने बताया कि गांव के लोगों ने बहुत मदद और सेवा की। महिला के ठीक होने के बाद उसने अपने घर वालों को जानकारी दी। घर वालों हाजीपुर से मोकामा आए प्रमिला देवी को साथ लेकर चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024