वाराणसी के मंदिरों से साईं मूर्तियां हटाने वाले अजय शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार रात 2 बजे शर्मा मंदिरों से साईं मूर्तियां हटाने के लिए घर से निकले थे। सूचना पर सादी वर्दी में पुलिस पहुंच गई और बीच रास्ते से उन्हें उठा ले गई। DCP काशी गौरव बंसवाल ने दैनिक भास्कर से इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया- शांतिभंग में सनातन रक्षक दल के प्रदेश अध्यक्ष अजय शर्मा को हिरासत में लिया। इस बीच, मंदिर से साईं की मूर्ति हटाए जाने के विरोध में पुजारी ने चौक थाने में अजय शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, फिर पुलिस ने अजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
साईं मंदिर के प्रबंधक पुलिस कमिश्नर से मिले धार्मिक परंपराओं का अपमान करने, धार्मिक स्थलों या प्रतीकों के अपमान, शांतिभंग आदि के आरोपों में मुकदमा दर्ज हुआ है। अब इसी आरोप में साईं भक्तों ने भी अजय शर्मा के खिलाफ सिगरा थाने में तहरीर दी है। इससे पहले शर्मा के घरवालों ने आरोप लगाया था कि रात 2 बजे मैदागिन चौराहे से नीली कार से आए कुछ युवक उन्हें उठा ले गए। उनके दोनों मोबाइल नंबर ऑफ हैं। पुलिस कमिश्नर से साईं मंदिर के प्रबंधकों ने मुलाकात की। काशी के सभी 72 मंदिरों की सुरक्षा की मांग की है। मंदिरों से साईं बाबा की मूर्ति हटाए जाने पर नाराजगी जताई है।
थाने में बिगड़ी अजय शर्मा की तबीयत
अजय शर्मा को पुलिस ने चितईपुर थाने में रखा। गुरुवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ गई। थाना प्रभारी ने दवा दिलवाई। चौक स्थित आनंदमई मंदिर से अजय शर्मा ने साईं की मूर्ति हटवाई थी। मंदिर के पुजारी ने चौक थाने में अजय शर्मा के खिलाफ एप्लिकेशन दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। फिर पुलिस शर्मा को चितईपुर थाने से गिरफ्तार कर चौक ले आई। मीडिया से बातचीत में अजय शर्मा ने कहा- यह मुहिम चलती रहेगी। शिवभक्त डरेगा नहीं… हर-हर महादेव।
शिरडी साईं ट्रस्ट ने तत्काल मूर्तियां हटाने पर रोक की मांग उठाई साईं बाबा की मूर्ति हटाने का विवाद बढ़ता जा रहा है। शिरडी साईं ट्रस्ट महाराष्ट्र ने इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। सपा ने कहा- आखिर कब तक ऐसे मंदिर, मस्जिद, भगवान और साईं बाबा पर बात होगी।
सनातन रक्षक दल ने 1 अक्टूबर को वाराणसी के 14 मंदिरों से साईं की मूर्तियां हटाई थीं। उनका दावा है कि अभी 60 और मंदिरों की लिस्ट है। इधर, लखनऊ में भी अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने मंदिरों से साईं मूर्तियों को हटाने की मांग की है। कहा- मंदिरों में साईं मूर्तियों को स्थान नहीं दिया जाएगा।
भूतेश्वर और तारकेश्वर महादेव मंदिर से साईं मूर्ति हटाने निकले थे सनातन रक्षक दल के पदाधिकारियों ने बताया- बुधवार रात दो बजे अजय शर्मा मजदूरों की तलाश में निकले थे। उन्होंने दशाश्वमेध के भूतेश्वर महादेव और तारकेश्वर महादेव मंदिर से साईं मूर्ति हटाने का ऐलान किया था।इन मूर्तियों को गुरुवार तड़के हटाया जाना था, जिसके लिए कुछ करीबी लोगों को मंदिर के बाहर बुलाया था। जब वो लोग पहुंचे, तब तक अजय शर्मा को कार सवारों ने उठा लिया।
