मुंबई पुलिस ने गोविंदा से अस्पताल में पूछताछ की:एक्टर ने दोहराई मिसफायर की बात, अपने आप गोली चलने की बात से संतुष्ट नहीं पुलिस
मुंबई पुलिस ने बुधवार को बॉलीवुड एक्टर गोविंदा (60) से अस्पताल में गोलीकांड पर पूछताछ की। गोविंदा 1 अक्टूबर को पैर में गोली लगने से घायल हो गए थे।
उन्होंने कहा था कि वे रिवॉल्वर अलमारी में रख रहे थे, तभी गोली चल गई। गोविंदा के पैर का ऑपरेशन कर गोली निकाल ली गई है। वे मुंबई के क्रिटी केयर अस्पताल में भर्ती हैं।
जुहू पुलिस ने जब उनसे सवाल किए तो गोविंदा ने गोली के मिसफायर होने की बात दोहराई। एक्टर ने पुलिस को बताया कि रिवॉल्वर 20 साल पुरानी है। घटना मंगलवार सुबह करीब 4.45 बजे की है। पुलिस गोविंदा के बयान से संतुष्ट नहीं है और जल्द ही उनसे दोबारा पूछताछ करेगी। पुलिस ने गोविंदा की बेटी टीना आहूजा के भी बयान दर्ज किए हैं।
गोविंदा ने अस्पताल से ऑडियो मैसेज जारी कर कहा था-
मैं आप सबके आशीर्वाद से ठीक हूं। गलती से गोली चल गई थी, जिसे ऑपरेशन करके निकाल लिया गया है। डॉक्टरों और आप सभी को प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद देता हूं।

प्रोग्राम में शामिल होने कोलकाता रवाना होने वाले थे गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया है कि वे एक प्रोग्राम के लिए कोलकाता जा रहे थे। 6 बजे की फ्लाइट थी। अलमारी में रिवॉल्वर रखते हुए मिस फायर हुआ और उनके घुटने के नीचे गोली लग गई। उन्हें तुरंत अंधेरी के अस्पताल ले जाया गया। गोली निकाल ली गई है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। घबराने की कोई बात नहीं है।
अस्पताल पहुंचीं कश्मीरा शाह, कभी झगड़ा सुर्खियों में था गोविंदा का हालचाल लेने के लिए एक्टर और पॉलिटिशियन शत्रुघ्न सिन्हा और डायरेक्टर डेविड धवन हॉस्पिटल पहुंचे। इसके अलावा गोविंदा के भांजे कृष्णा की पत्नी कश्मीरा शाह क्रिटी केयर हॉस्पिटल पहुंचीं।
एक समय कश्मीरा और गोविंदा की पत्नी सुनीता का झगड़ा सुर्खियों में रहा था। गोविंदा और कृष्णा के बीच विवाद तब शुरू हुआ था, जब 2018 में कश्मीरा शाह ने ट्वीट किया कि कुछ लोग पैसों के लिए नाचते हैं। इस ट्वीट पर सुनीता आहूजा ने जवाब दिया था कि ये ट्वीट गोविंदा के खिलाफ किया गया है। इसके बाद गोविंदा-सुनीता ने कृष्णा-कश्मीरा से सभी संबंध खत्म कर लिए थे।
गोविंदा ने मार्च में शिवसेना जॉइन की थी गोविंदा 28 मार्च को शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हुए थे। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे। पार्टी जॉइन करने के बाद गोविंदा ने कहा था- मैं 2004 से 2009 तक राजनीति में था। ये संयोग है कि 14 साल बाद मैं फिर से राजनीति में आया हूं। मुझ पर जो विश्वास किया गया है, मैं उसे पूरी तरह से निभाऊंगा।
गोविंदा ने 2004 में कांग्रेस के टिकट पर मुंबई नॉर्थ से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने भाजपा के राम नाइक को 48,271 वोटों से हराया था। एक्टर 2004 से 2009 तक सांसद रहे थे।
