हरियाणा में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट:बच्चे समेत 3 जिंदा जले, 7 बुरी तरह झुलसे; कई मकानों में दरारें, मलबे में मिले शव
हरियाणा के सोनीपत में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस आग में 3 लोगों की मौत हो गई है। अब तक 3 शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें एक शव गांव की महिला का, जबकि दूसरा बच्चे का है, तीसरा एक अन्य महिला का है।
फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद ग्रामीणों को हादसे का पता चला। ब्लास्ट से साथ लगते मकानों की दीवारों में दरारें आ गई। जिस मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे, वह भी ढ़ह गया और काम करने वाले मजदूर मलबे में दब गए। यहां 10-12 मजदूर काम कर हे थे।
हादसे में करीब 6 महिलाओं समेत 7 व्यक्ति बुरी तरह झुलस गए हैं। झुलसे मजदूरों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। आग गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण लगी थी। मकान गांव के बीचों बीच है और इसका मलबा हटाने की कार्रवाई जारी है।
कुछ ही देर में आग फैल गई और उसमें काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आग लगने के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने उसमें काम कर रहे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने मकान मालिक वेदप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों में इसकी बेटी भी शामिल है। पुलिस को कुछ संदिग्ध चीजें मिली हैं, जिनकी फोरेंसिक टीम द्वारा जांच की जा रही है।
हादसे से जुड़ी फोटोज…
जांच में जुटी पुलिस ग्रामीणों के अनुसार, 2 महिलाओं व एक बच्चे की आग में जलने से मौत हो गई है, जबकि 5 अन्य को गंभीर हालत में रोहतक PGI ले जाया गया है। एसडीएम श्वेता सुहाग, पुलिस ACP जीत सिंह बेनीवाल व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। एक-दो अन्य के शव भी दबे होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार उनको नहीं पता था कि यहां मकान में पटाखे बनाए जा रहे हैं। मृतकों में एक महिला गांव की संतरा बताई जा रही है।
घायलों में अधिकतर महिलाएं पुलिस ने मकान मालिक वेदप्रकाश को हिरासत में ले लिया है। इससे पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि यहां कब से पटाखे बनाने का काम चल रहा था। घायलों में फरमान (26), इसकी पत्नी याशमीन (23), एकरा (22), सिदरा (18), असरा (21), आशी (28) व अंजली (27) शामिल है। घायल अंजलि मकान मालिक की बेटी बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एससीपी ने कहा- जांच में कुछ संदिग्ध चीजें मिली पुलिस एसीपी जीत बेनीवाल ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि गांव रिढाऊ में एक घर में धमाका हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो यहां सल्फर मिला, जिसका इस्तेमाल पटाखों में होता है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। घर के मालिक वेदप्रकाश को हिरासत में ले लिया गया है। जिस घर में पटाखे बनाए जा रहे थे, वह गांव के बीच में है।
यहां कितने समय से पटाखे बनाए जा रहे थे, इस बारे में पूछताछ जारी है। मौके पर पड़े मलबे को हटाया जा रहा है। ज्यादातर लेबर बाहर की लग रही है। एक महिला जिसकी मौत हुई है, वह स्थानीय बताई जा रही है। घर के मालिक की बेटी अंजलि भी घायल है। कुछ संदिग्ध चीजें मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
