Headlines

महाराष्ट्र इलेक्शन- चुनाव आयोग ने चीफ सेक्रेटरी-DGP से जवाब मांगा:100 अधिकारयों का ट्रांसफर नहीं; EC बोला- चुनाव प्रभावित होगा; जल्द तारीखों का ऐलान

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव और DGP से आदेश का पालन न करने पर जवाब मांगा है। मामला विधानसभा चुनाव को देखते हुए अधिकारियों के ट्रांसफर से जुड़ा है।

इलेक्शन कमीशन ने आदेश दिया था कि, राज्य में उन अधिकारियों का ट्रांसफर किया जाए। जो या तो अपने होम टाउन में पोस्टेड हैं या वे अधिकारी जिन्हें एक जगह सर्विस करते हुए तीन साल से ज्यादा हो गया।

चुनाव आयोग ने 31 अगस्त तक रिपोर्ट फाइल करने का समय दिया था। ADGP ने अभी तक अधूरी रिपोर्ट दी है। वहीं चीफ सेक्रेटरी का भी पूरी रिपोर्ट फाइल करना बाकी है। मुंबई में करीब 100 से ज्यादा अधिकारियों को ट्रांसफर नहीं हुआ है।

महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है और उससे पहले चुनाव होने की संभावना है। चुनाव आयोग वर्तमान में चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए दो दिन के दौरे पर है। जल्द ही चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है।

महा विकास अघाड़ी में सीट शेयरिंग पर चल रही बात महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर महा विकास अघाड़ी (MVA) 18 से 20 सितंबर तक मुंबई में बैठक हुई थी। शिवसेना नेता संजय राउत ने बताया था कि गठबंधन में शामिल किस पार्टी को कितनी और कहां की सीटें मिलेंगी इसका फॉर्मूला तय किया जाएगा।

सीट बंटवारे का फैसला उम्मीदवारों की जीत की संभावना के आधार पर तय होगा। MVA गठबंधन में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT), शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) और कांग्रेस शामिल हैं। लोकसभा चुनाव में 13 सीटें जीतने के बाद कांग्रेस का मनोबल बढ़ा है। इस वजह से पार्टी ज्यादा सीटें मांग रही है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों में से करीब 110- 120 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है।

नवंबर 2024 को बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) सरकार का कार्यकाल खत्म होगा

  • महाराष्ट्र में इस वक्त बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है। इसका कार्यकाल नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 2019 में चुनाव हुए थे। बीजेपी 106 विधायकों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी।
  • मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना और बीजेपी गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना ने 44 विधायकों वाली कांग्रेस और 53 विधायकों वाली NCP के साथ मिलकर महाविकास अघाड़ी बनाकर सरकार बनाई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने।
  • मई 2022 महाराष्ट्र सरकार में नगर विकास मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ बगावत कर दी। वह बीजेपी के साथ मिल गए। 30 जून 2022 को एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
  • इसके साथ ही शिवसेना पार्टी दो गुटों में बंट गई। एक धड़ा शिंदे गुट और दूसरा उद्धव गुट का बना। 17 फरवरी, 2023 को चुनाव आयोग ने आदेश दिया कि पार्टी का नाम ‘शिवसेना’ और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा।

लोकसभा चुनाव में भाजपा को सिर्फ 9 सीटें मिली 2019 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 104 सीटें जीतीं थी। भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन में मौजूदा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की वाली एनसीपी शामिल है। लोकसभा चुनाव 2024 में महाराष्ट्र की 48 सीटों में भाजपा सिर्फ 9 सीटें जीत सकी। गठबंधन की सहयोगी NCP ने एक सीट जीती। शिवसेना (शिंदे गुट) को 7 सीटों पर जीत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024