Headlines

मानहानि केस में केजरीवाल-आतिशी की याचिका पर सुनवाई टली:सुप्रीम कोर्ट 30 सिंतबर को मामला सुनेगा, भाजपा नेता ने मानहानि का केस किया था

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 8 दिसंबर 2018 को एक ट्वीट कर भाजपा पर अग्रवाल समाज के वोट काटने का आरोप लगाया था, जिसके बाद भाजपा नेता राजीव बब्बर ने केजरीवाल और AAP नेताओं के खिलाफ मानहानि का केस किया था।

फरवरी 2020 में ट्रायल कोर्ट ने केजरीवाल और AAP नेताओं की टिप्पणी को मानहानिकारक माना था। इसके खिलाफ 2020 में ही केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाकर केस खत्म करने की मांग की थी।

2 सितंबर 2024 को हाईकोर्ट ने केजरीवाल-आतिशी की याचिका खारिज कर दी गई, जिसके खिलाफ केजरीवाल और आतिशी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई टल गई।

जस्टिस ऋषिकेश रॉय और एसवीएन भट्टी की बेंच ने राजीव बब्बर की ओर से पेश वकील सोनिया माथुर की दलील सुनी। माथुर ने कहा कि मामले पर वह आज जवाब दाखिल नहीं कर सकते हैं, क्योंकि उनके संज्ञान में मामला गुरुवार को ही आया है।

आतिशी और केजरीवाल की तरफ से पेश हुए वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि वह 30 सितंबर को दलीलें रखने के लिए तैयार है। इसके बाद कोर्ट ने मामले को 30 सितंबर के लिए लिस्ट कर दिया।

तस्वीर 17 सितंबर की है। अरविंद केजरीवाल मंत्री आतिशी के साथ उपराज्यपाल वीके सक्सेना के घर इस्तीफा देने पहुंचे थे। इसी दौरान आतिशी के नेतृत्व में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया गया था।

हाईकोर्ट ने कहा था- केजरीवाल ने भाजपा की छवि खराब करने की कोशिश की दिल्ली हाईकोर्ट ने 2 सितंबर को कहा था कि केजरीवाल और अन्य AAP नेताओं के बयान मानहानिकारक हैं और इनका मकसद राजनीतिक फायदे के लिए भाजपा की छवि खराब करना है। इस टिप्पणी के साथ हाईकोर्ट ने मानहानि केस को रद्द करने से इनकार कर दिया।

इसके साथ ही कोर्ट ने केजरीवाल, आतिशी और अन्य पार्टी सदस्यों को ट्रायल कोर्ट में पेश होने को कहा। हाईकोर्ट के इसी फैसले के खिलाफ आप नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।

केजरीवाल ने कहा था- भाजपा अग्रवाल समाज के वोट कटवा दिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 8 दिसंबर, 2018 को ट्वीट कर दावा किया था कि अग्रवाल समाज के दिल्ली में कुल आठ लाख वोट हैं। उनमें से लगभग चार लाख भाजपा ने वोट कटवा दिए गए हैं। यानी 50 फीसदी वोट्स। आज तक यह समाज भाजपा का कट्टर वोटर था। इस बार नोटबंदी और GST की वजह से ये नाराज हैं तो भाजपा ने इनके वोट ही कटवा दिए हैं।

केजरीवाल के इस बयान का आतिशी समेत कई AAP नेताओं ने समर्थन किया था। इसके बाद राजीव बब्बर ने आरोप लगाया था कि केजरीवाल भाजपा पर मतदाता सूची से वोटर्स के नाम हटाने के लिए गलत दोष मढ़ रहे हैं। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर केजरीवाल ने लोगों को भाजपा के खिलाफ भड़काने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024