छत्तीसगढ़ के कोरबा में बड़ा हादसा होने से टल गया। सरकारी विमान को टूटे-फूटे रनवे पर उतरने की मंजूरी दे दी गई। हवाई पट्टी पर उतरते ही विमान हिचकोले खाने लगा। हालांकि पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित लैंडिग हो गई।
इस विमान में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सवार थे। जो बाल-बाल बचे। रूमगरा एयर स्ट्रिप के संचालन और मेंटनेंस का जिम्मा बालको और CSEB के पास है। लिहाजा दोनों को नोटिस जारी किया गया है।
देखरेख के अभाव में हवाई पट्टी क्षतिग्रस्त हुई
जानकारी के मुताबिक उचित देखरेख के अभाव में हवाई पट्टी क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद भी विमान को यहां उतरने की अनुमति दे दी गई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस मामले को गंभीरता से लिया और उन्होंने कारण जानने और जिम्मेदार लोगों की जानकारी लेने के निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिए हैं।
कलेक्टर ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब
दरअसल, पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉक्टर बंसीलाल महतो की धर्मपत्नी के दशगात्र में शामिल होने सभी नेता पहुंचे थे। इसी दौरान बड़ा हादसा होने से टल गया। कोरबा कलेक्टर ने अब बालको प्रबंधन और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी (सीएसईबी) को नोटिस जारी कर दिया है और जवाब मांगा है।
बालको प्रबंधन ने शुरू कराया मरम्मत का काम
कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद ही बालको प्रबंधन की टीम एयर स्ट्रिप पर पहुंची, जहां बालको की ओर से एयर स्ट्रिप की साफ सफाई और मरम्मत काम शुरू किया गया।
हवाई पट्टी का संचालन बालको के जिम्मे
80 के दशक में बिजली कंपनी के अधिकारियों और विदेशी इंजीनियरों की आवाजाही चार्टर प्लेन से होती थी। इसके लिए बालको नगर के रूमगरा में CSEB कंपनी ने हवाई पट्टी बनाई थी। प्लांट बनने के बाद बिजली कंपनी को हवाई पट्टी की उपयोगिता नहीं रही। बालको प्लांट का विस्तार प्रोजेक्ट शुरू होने पर बालको प्रबंधन ने इसे अपने उपयोग में लेना शुरू कर दिया। इसका संचालन बालको CSEB के साथ करता है।
इससे जुड़ी और खबर
दरिमा एयरपोर्ट पर 72 सीटर विमान का ट्रायल रन:एलाइंस एअर सरगुजा-बिलासपुर से शुरू करेगी हवाई सेवा, वाराणसी-कोलकाता और दिल्ली-हैदराबाद की भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी
सरगुजा जिले के दरिमा एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू करने की डीजीसीए की अनुमति के बाद एलाइंस एअर ने मंगलवार को 72 सीटर प्लेन उतारकर ट्रायल रन पूरा कर लिया। एलाइंस एअर का 72 सीटर प्लेन बिलासपुर से उड़ान भरकर दरिमा में उतरा। शुरुआत में कंपनी बिलासपुर के लिए हवाई सेवा शुरू करेगी। इसके बाद वाराणसी, कोलकाता, दिल्ली और हैदराबाद के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट सेवा शुरू किए जाने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर..
