Headlines

चुनाव के बीच अचानक हरियाणा पहुंचे राहुल गांधी:अमेरिका में घायल हुए युवक के परिजन से मिले; वीडियो कॉल पर बात भी कराई

चुनाव के बीच अचानक हरियाणा पहुंचे राहुल गांधी:अमेरिका में घायल हुए युवक के परिजन से मिले; वीडियो कॉल पर बात भी कराई

करनाल4 मिनट पहले
राहुल गांधी करनाल जिले के घोघड़ीपुर गांव में सुबह करीब साढ़े 5 बजे अचानक पहुंचे। यहां करीब डेढ़ घंटे रुके।

हरियाणा विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच राहुल गांधी शुक्रवार सुबह करनाल पहुंचे। यहां उन्होंने एक युवक के परिवार से मुलाकात की, जिससे वे अमेरिका दौरे के समय मिले थे। राहुल ने युवक के घर पहुंचकर उसे वीडियो कॉल भी किया। राहुल शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे करनाल के घोघड़ीपुर गांव पहुंचे थे। राहुल के दौरे के बारे में न तो स्थानीय कांग्रेस नेताओं को सूचना थी न पुलिस प्रशासन को।

राहुल गांधी अमेरिका दौरे के समय हरियाणा के रहने वाले अमित कुमार नाम के युवक से मिले थे। वह ट्रक ड्राइवर है और एक्सीडेंट के बाद अमेरिका के ही अस्पताल में भर्ती है। राहुल से मुलाकात में अमित ने बताया था कि गांव के युवा विदेश जा रहे है, क्योंकि वहां रोजगार नहीं है। राहुल ने अमित से वादा किया था कि भारत में वे उसके घरवालों से जरूर मिलेंगे। उन्होंने वीडियो कॉल पर परिवार से बात कराने की बात भी कही थी।

राहुल के घोघड़ीपुर पहुंचने की 4 तस्वीरें

घर पहुंचने पर राहुल का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
राहुल गांधी ने अमित के घरवालों से बात की।
राहुल गांधी ने अमित के परिजन के साथ फोटो भी खिंचवाए।
अमित के परिवार के बच्चों के साथ राहुल गांधी।

युवक की मां ने कहा- राहुल ने वादा निभाया; घी-चूरमा लेकर गए

राहुल गांव में अमित की मां बीरमती से मिले। बीरमती ने कहा, ‘सुबह 5 बजे पहले राहुल के बॉडीगार्ड आए। उन्होंने हमें सोते से उठाया था। इसके बाद करीब 6 बजे राहुल गांधी पहुंचे थे। वे करीब डेढ़ घंटा यहां रुके। उन्होंने परिवार का हाल पूछा और वीडियो कॉल पर अमेरिका में अपने ही मोबाइल से अमित से भी बात की। बड़ी बात यह है कि देश के राजा गरीब की कुटिया में आए। वे हमारे घर से देसी घी और चूरमा पैक कराकर ले गए।’

उन्होंने कहा कि उन्हें अमित ने राहुल के अमेरिका में मिलने के बारे में बताया था। उसने फोटो भी भेजी थी। बीरमती कहती हैं, ‘अमित करीब डेढ़ साल पहले अमेरिका गया था। वह अविवाहित है। कुछ दिन पहले उसका एक्सीडेंट होने के बाद चिंता बढ़ गई थी। उसके बड़े भाई का नाम अजीत है। उसके 2 बच्चे हैं। अमित के पिता की करीब 7 साल पहले मौत हो चुकी है।’

अमित की मां बीरमती राहुल के दौरे के बारे में बताती हुईं।

गांव का युवक डंकी रूट से अमेरिका गया घोघड़ीपुर के ग्रामीणों ने बताया कि अमित करीब डेढ़ साल पहले जमीन बेचकर डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। वह ट्रक ड्राइवर है। एक्सीडेंट के बाद गांव से ही एक युवक तेजी मान ने उसका इलाज कराया था।

ग्रामीण नीटू मान और सतेंद्र मान ने कहा, ‘राहुल गांधी जब अमेरिका गए तो वहां अमित से मिले। जब उन्हें पता चला कि यह एक्सीडेंट का केस है तो उन्होंने उसे हाथ पकड़कर उठाया था। वे वादा करके आए थे कि भारत जाकर तेरी मां से जरूर मिलूंगा। उन्होंने वादा पूरा किया। हम तो मानते हैं कि सबसे बड़ी बात यह है कि उन्होंने मानवता दिखाई है।’

राहुल गांधी जब युवक के घर पहुंचे तो मौके पर लोग जमा हो गए। उन्होंने राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।

राहुल के आने की खबर पुलिस को भी नहीं थी ​​​​​​​राहुल गांधी के आने की सूचना महज कुछ ही अधिकारियों को थी। उनके अचानक दौरे से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। यहां तक कि कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को भी इस बारे में नहीं पता था। नेताओं ने समय पर पहुंचकर राहुल गांधी से मुलाकात की जुगत तो लगाई, लेकिन तब तक राहुल गांधी निकल चुके थे।

इधर राहुल गांधी के आने की खबर मिलते ही गांव के लोगों का जमावड़ा लग गया। भारी संख्या में ग्रामीण अमित के घर पहुंचे। पहली बार राहुल गांधी इस गांव में आए।

युवक अमित के घर से निकलते राहुल गांधी।

कांग्रेस कैंडिडेट वीरेंद्र राठौर के फार्म हाउस पहुंचे राहुल युवक अमित के घर से निकलने के बाद राहुल गांधी करनाल में ही कांग्रेस उम्मीदवार वीरेंद्र राठौर के फार्म हाउस पर भी पहुंचे। वीरेंद्र राठौर को कांग्रेस ने घरौंडा सीट से अपना कैंडिडेट बनाया है। वीरेंद्र के फार्म हाउस पर राहुल ने उनसे मुलाकात की। उनसे चुनाव प्रचार के बारे में पूछा।​​​​​​​

कांग्रेस उम्मीदवार वीरेंद्र राठौर के फार्म हाउस पर पहुंचे राहुल।

राहुल गांधी के इन दौरों ने भी चौंकाया…

1. ट्रक से अंबाला पहुंचे थे राहुल पिछले साल 23 मई को भी राहुल गांधी अचानक से हरियाणा पहुंच गए थे। इस दौरान राहुल गांधी ने अंबाला से चंडीगढ़ का 50 किमी का सफर ट्रक से तय किया था। दरअसल, वो दिल्ली से शिमला के लिए कार से निकले थे। लेकिन इस दौरान ट्रक ड्राइवरों की स्थिति जानने के लिए उन्होंने ट्रक में सफर तय करने का मन बनाया।

इस दौरान उन्होंने सुबह 5:30 बजे ट्रक को अंबाला सिटी के श्री मंजी साहब गुरुद्वारे पर रुकवाया, फिर गुरुद्वारे में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से भी बात की, गुरुद्वारे में लंगर का प्रसाद ग्रहण किया और फिर चंडीगढ़ के लिए निकल गए थे।

ट्रक ड्राइवर के पास बैठे हुए राहुल गांधी

2. मदीना गांव पहुंच की थी धान की रोपाई 8 जुलाई 2023 को राहुल ने अचानक से हरियाणा के सोनीपत के एक गांव में पहुंचकर सबको चौंका दिया था। दिल्ली से वो हिमाचल के लिए चले थे, लेकिन वो जीटी रोड को छोड़ कर करीब 50 किलोमीटर अंदर मदीना गांव में पहुंच गए। इस दौरान राहुल गांधी करीब 2 घंटे तक खेत में रहे। मजदूरों से बातचीत की, धान की रोपाई की। ट्रैक्टर चला कर पानी में गाड लगाई। बाद में किसानों के बीच बैठ कर उन्होंने नाश्ता भी किया था।

राहुल गांधी की सोनीपत दौरे की तस्वीरें।

3. झज्जर में पहलवानों से मिलने पहुंचे पिछले साल 27 दिसंबर की सुबह 6 बजे अचानक राहुल गांधी हरियाणा के झज्जर में एक अखाड़े में पहुंच गए। उन्हें देखकर वहां मौजूद पहलवान दंग रह गए थे। राहुल ने वहां बजरंग पुनिया समेत अन्य पहलवानों से मुलाकात की।

राहुल छारा गांव के वीरेंद्र अखाड़े में पहुंचे थे। राहुल गांधी के इस दौरे पर विवाद हुआ था, क्योंकि उस समय देश में भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर लगे यौन शोषण के आरोपों का मुद्दा गर्माया हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024