Headlines

मुंबई-दोहा इंडिगो फ्लाइट 6 घंटे देरी के बाद कैंसिल:300 पैसेंजर्स को विमान से उतरने नहीं दिया, यात्री बोले- हमें पानी भी नहीं मिला

मुंबई से दोहा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6 घंटे लेट होने के बाद कैंसिल कर दी गई। घटना रविवार की है। फ्लाइट में करीब 300 यात्री सवार थे। वे फ्लाइट में ही 6 घंटे तक इंतजार करते रहे।

NDTV के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 1303 को सुबह 3:55 बजे टेक ऑफ करना था। पैसेंजर्स के बैठने के बाद विमान करीब 6 घंटे तक एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। यात्री करीब 5 घंटे तक प्लेन के भीतर ही बैठे रहे। इमिग्रेशन खत्म होने की वजह से उन्हें उतरने नहीं दिया गया।

एक यात्री ने दावा किया, “जब हम फ्लाइट में इंतजार कर रहे थे, इस दौरान पानी और खाना तक नहीं मिला।” रिपोर्ट के मुताबिक, ​​​पैसेंजर्स का आक्रोश जब बढ़ने के बाद क्रू मेंबर्स ने उन्हें फ्लाइट से उतरने की इजाजत दी। इसके बाद इमिग्रेशन वेटिंग एरिया में ले गए। इंडिगो ने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है।

इंडिगो ने कहा- पैसेंजर्स के लिए होटल बुक कर रहे

एयरलाइन ने X पर एक यूजर के पोस्ट पर जवाब दिया और फ्लाइट लेट होने के कारण माफी मांगी।

एयरलाइन ने अपने बयान में बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। एक-दो बार टेक ऑफ की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसलिए हमने फ्लाइट कैंसिल कर दी है। अगली फ्लाइट के लिए रि-बुकिंग की जा रही है। एयरपोर्ट पर हमारी टीम ने यात्रियों को खाने-पीने की चीजें मुहैया कराईं और हर जरूरत मदद की। पैसेंजर्स के लिए होटल बुक कराए जा रहे हैं।

क्रू मेंबर के नहीं पहुंचने से मुंबई-भुज जाने वाली फ्लाइट भी लेट मुंबई एयरपोर्ट पर ही रविवार को मुंबई से भुज जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 601 भी लेट हुई। इस फ्लाइट को मुंबई से सुबह 6:50 बजे भुज के लिए उड़ान भरनी थी। फ्लाइट तो समय पर आ गई, लेकिन जिस क्रू टीम को फ्लाई करना था वो ही समय पर नहीं पहुंची। ऐसे में यात्रियों को कई घंटे से बोर्डिंग के लिए वेट करना पड़ा।

दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के पैसेंजर्स ने हंगामा किया इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार (14 सितंबर) को स्पाइसजेट के पैसेंजर्स ने हंगामा किया था। दिल्ली से दरभंगा जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट को बोर्डिंग से ठीक 5 मिनट पहले रद्द कर दिया गया।

एयरलाइन की घोषणा के बाद दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल 3 पर गेट नंबर 62 के सामने बोर्डिंग का इंतजार कर रहे पैसेंजर्स ने हंगामा शुरू कर दिया। कुछ पैसेंजर्स ने आरोप लगाया कि एयरलाइन पिछले कुछ महीनों से दिल्ली-दरभंगा रूट पर उड़ानें लगातार रद्द कर रही है। एयरलाइन ने अभी तक इस मामले पर कोई बयान जारी नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024