देश का मानसून ट्रैकर:दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर 2 फीट पानी, MP के 10 और राजस्थान के 8 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में बीते 4 दिन से लगातार तेज बारिश हो रही है। इस कारण घाघरा, कोसी, शारदा और सरयू नदियां उफान पर हैं। बहराइच में घाघरा और सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से 20 गांवों में बाढ़ आ गई।
मुरादाबाद में मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे पर कोसी नदी का पानी पहुंच गया है। करीब 2 फीट तक पानी भरने के कारण एक लेन बंद कर दी गई है।
उत्तराखंड में कई जिलों में तेज बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात हैं। पिछले 24 घंटे में 4 लोगों की मौत हुई, जबकि 2 लापता हैं। लैंडस्लाइड की घटनाओं के चलते 478 सड़कें बंद हैं। इनमें नेशनल हाईवे शामिल हैं।
UP में आज 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं मध्य प्रदेश के 10 और राजस्थान के 8 जिलों में भी आज तेज बारिश का अलर्ट है। बिहार के 38 में से 32 जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
16 सितंबर को 9 राज्यों में 7 सेमी बारिश का अनुमान
- मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश (20 सेमी तक) हो सकती है।
- पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में भारी बारिश (7 सेमी तक) का अनुमान है।
- झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में 16 से 20 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।
- 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 18 सितंबर को वेस्ट मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है।
देशभर से बारिश की 6 फोटोज…
इस बार मानसून सामान्य से 16 अधिक दिन एक्टिव रहेगा
- आम तौर पर मानसून की 18 सितंबर के बाद से पश्चिमी राजस्थान के रास्ते वापसी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार इसके करीब 16 दिन और एक्टिव रहने के आसार बन रहे हैं।
- यानी देश में सितंबर के आखिर तक तेज बारिश का दौर देखने को मिलेगा। प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, मानसून वापसी के बाद अक्टूबर में भी बारिश की संभावना है।
- मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार मानसून में अब तक 108 फीसदी यानी 8% ज्यादा बारिश हो चुकी है। इसके बावजूद देश के करीब एक चौथाई यानी 185 जिलों (26%) में सूखे की स्थिति है।
- 68 जिले ऐसे हैं, जिनमें सामान्य से 60% बारिश हुई हैं, इनमें 19 अकेले राजस्थान में हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित उत्तर प्रदेश (30 जिले), बिहार (25), झारखंड (11), ओडिशा (11), पंजाब (15) हैं।
मानसून के 16 अधिक दिन एक्टिव रहने की वजह
- मौसम विभाग के मुताबिक, एक डिप्रेशन उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। ये उत्तराखंड की तरफ बढ़ रहा है। इसका असर हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों पर भी होगा।
- एक नया लो प्रेशर का एरिया साउथ बांग्लादेश के पास है, जो 2 दिन में डिप्रेशन बनेगा। यह इस सीजन का चौथा डिप्रेशन होगा। इसके चलते बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बारिश होगी।
- मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में राजस्थान, गुजरात, वेस्ट मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत साउथ के राज्यों में भारी बारिश की आशंका कम देखने को मिलेगी।
