यूपी के मेरठ में पहली बार हेलिकॉप्टर लूट का मामला सामने आया है। यहां पायलट रवींद्र सिंह ने मेरठ SSP को शिकायत दी। आरोप लगाया कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर हवाई पट्टी पर 15-20 लोग जबरन घुस आए। उन्होंने मारपीट की। इसके बाद हेलिकॉप्टर के पुर्जे खोलने लगे।
रवींद्र सिंह ने बताया- दबंगों ने मुझे धमकाते हुए कहा कि शांत खड़े रहो, वरना तेरी दोनों टांगें काट देंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर के पार्ट्स अलग किए, ट्रक में भरे और लादकर ले गए। 16 टायर वाले ट्रक पर राजस्थान का नंबर था।
हालांकि, मामले पर SSP विपिन ताडा ने कहा- हेलिकॉप्टर लूट की शिकायत मिली है। घटना 4 महीने पुरानी है। प्रथम दृष्ट्या मामला एविएशन कंपनी के 2 पार्टनर के बीच का लग रहा है। किसी विवाद को लेकर दोनों का झगड़ा है। जांच CO (ब्रह्मपुरी) को दी गई है।
पायलट का आरोप- शिकायतों पर कोई एक्शन नहीं मामला मेरठ के परतापुर थाने का है। यहीं पर डॉ. भीमराव अंबेडकर हवाई पट्टी है। यहां SAR एविएशन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े पायलट रवींद्र सिंह ने ये आरोप लगाए हैं। एयरफोर्स से रिटायर होने के बाद कैप्टन रवींद्र सिंह इसी कंपनी के लिए काम करते हैं। उनका कहना है कि वह कंपनी के शेयर होल्डर और डायरेक्टर भी हैं।
इधर, शिकायत मिलने के बाद SSP विपिन ताडा ने CO ब्रह्मपुरी अंतरिक्ष जैन को जांच के आदेश दिए। पायलट ने शिकायत के साथ-साथ कुछ ईमेल्स की कॉपी भी दी हैं। उनका आरोप है कि लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन मामले पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा।
4 महीने पुराना मामला, हेलिकॉप्टर VT TTBB उठा ले गए पायलट रवींद्र सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा- मेरी कंपनी मेरठ एयरस्ट्रिप पर हेलिकॉप्टर को मेंटेनेंस के लिए भेजती है। कंपनी का एक हेलिकॉप्टर VT-TTBB मेरठ आया था। 10 मई 2024 को हवाई पट्टी से एक मैकेनिक ने फोन कर बताया कि हमारा हेलिकॉप्टर, जो इस वक्त परतापुर हवाईपट्टी पर खड़ा है, कुछ असामाजिक तत्व उसके पार्ट्स खोल रहे हैं।
‘इसके बाद मैं मौके पर पहुंच गया। मैंने देखा कि वे लोग हेलिकॉप्टर को घेरे हुए हैं। उसके पुर्जों को खोल रहे हैं। जब मैंने उनका विरोध किया तो वो मुझे पीटने लगे। उन्होंने मुझे धमकी भी दी। इसके बाद वो अपने साथ लाए ट्रक में हेलिकॉप्टर को लेकर चले गए।’
रवींद्र ने ये भी बताया कि मैंने तुरंत परतापुर थाना पुलिस को सूचना दी थी। टीम मौके पर पहुंची। कुछ लोगों को साथ लेकर भी गई, दबंगों को हेलिकॉप्टर ले जाने से नहीं रोक पाई।
सभी आरोपों पर जांच के बाद होगी कार्रवाई CO अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पीड़ित की तरफ से SSP के पास शिकायत दी गई है। मामले की जांच मुझे सौंपी गई है। घटना 10 मई की है। पहला सवाल ये उठता है कि पीड़ित ने अब शिकायत क्यों की? ट्रक नंबर, ड्राइवर को चिह्नित किया जा रहा है। उससे पूछताछ की जाएगी। साथ में यह भी पता लगाया जाएगा कि हेलिकॉप्टर कहां है?
वहीं, SSP विपिन ताडा का कहना है कि मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में ऐसा लग रहा है कि ये हेलिकॉप्टर लूट की घटना नहीं है।
