Headlines

PM मोदी ने CJI के घर गणेश पूजा की:मराठी वेशभूषा में नजर आए; राउत बोले- क्या CJI हमें न्याय दे पाएंगे, अब शंका हो गई

PM मोदी ने CJI के घर गणेश पूजा की:मराठी वेशभूषा में नजर आए; राउत बोले- क्या CJI हमें न्याय दे पाएंगे, अब शंका हो गई

नई दिल्ली1 घंटे पहले
गणेश पूजा के दौरान PM मोदी के अलावा CJI चंद्रचूड़ की पत्नी कल्पना दास भी मौजूद थीं।

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार शाम चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणेश पूजा में शामिल हुए। मोदी ने X पर इसकी तस्वीरें शेयर कीं। CJI और उनकी पत्नी कल्पना दास के साथ मोदी की मुलाकात का वीडियो भी सामने आया।

वीडियो में CJI अपने घर में मोदी का स्वागत करते दिखे। मोदी ने CJI और उनके परिवार के साथ भगवान गणेश की आरती की। प्रधानमंत्री मराठी पोशाक पहने हुए थे। उन्होंने मराठी टोपी भी पहन रखी थी।

CJI डीवाई चंद्रचूड़ के घर PM मोदी की 2 तस्वीरें…

CJI चंद्रचूड़ और उनकी पत्नी कल्पना ने PM मोदी का अपने घर में स्वागत किया।
PM मोदी गोल्डन कलर का मराठी धोती-कुर्ता और टोपी पहनकर CJI के घर गए थे।

संजय राउत बोले- क्या CJI हमें न्याय दे पाएंगे, मन में शंका पैदा हो गई PM मोदी के CJI के घर जाने के बाद राजनीति भी तेज हो गई है। शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि CJI चंद्रचूड़ महाराष्ट्र मामले (उद्धव और शिंदे गुट के बीच शिवसेना पार्टी का नाम-सिंबल विवाद) की सुनवाई कर रहे हैं। मोदी के साथ उनके दोस्ताना रिश्ते देखकर हमें शंका है कि क्या हमें न्याय मिलेगा।

राउत का पूरा बयान पढ़िए-

QuoteImage

अगर संविधान का संरक्षक राजनेताओं से मिलता है, तो यह लोगों के मन में संदेह पैदा कर सकता है। महाराष्ट्र के हमारे मामला की सुनवाई CJI चंद्रचूड़ के सामने चल रही है। इसलिए हमें शंका है कि क्या हमें न्याय मिलेगा। PM मोदी, केंद्र सरकार इस केस में दूसरी पार्टी हैं। चीफ जस्टिस को इस मामले से खुद को दूर कर लेना चाहिए। इस मामले में दूसरी पार्टी के साथ उनके संबंध खुलेआम नजर आ रहे हैं। तीन साल से तारीख पर तारीख मिल रही है। महाराष्ट्र में गैर कानूनी सरकार चल रही है। NCP और शिवसेना जैसी पार्टी को जिस तरह तोड़ा गया, वह गलत है। PM मोदी खुद गैर कानूनी सरकार को बचाने में रूचि ले रहे हैं।

QuoteImage

सुप्रीम कोर्ट में शिंदे गुट को असली शिवसेना बताने का मामला पेंडिंग महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने पार्टी के अन्य 39 विधायकों के साथ ​​​​​​जून 2022 में उद्धव से बगावत की थी। उन्होंने भाजपा के साथ मिलकर राज्य में सरकार बनाई और खुद मुख्यमंत्री बन गए। शिंदे ने शिवसेना पर भी अपना दावा कर दिया।

उद्धव गुट का आरोप है कि शिंदे ने असंवैधानिक रूप से सत्ता हथिया ली। दोनों गुटों ने एक-दूसरे के सभी 54 विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग को लेकर 34 याचिकाएं लगाई थी।विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने 10 जनवरी को शिंदे गुट को असली शिवसेना बताया था।

16 फरवरी 2023 को चुनाव आयोग ने शिंदे गुट को असली शिवसेना मान लिया। शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और चिह्न (तीर-कमान) को इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी। उद्धव गुट ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट में मामला अभी पेंडिंग है।

भाजपा बोली- मनमोहन सिंह की इफ्तार पार्टी में भी CJI आते थे

विपक्षी नेताओं की आलोचना पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, ‘विपक्ष क्या चाहता है। प्रधानमंत्री और CJI का एकदूसरे के प्रति कैसा व्यवहार होना चाहिए। क्या उनमें एकदूसरे के प्रति सद्भाव नहीं होना चाहिए। काम के समय अलग व्यवहार और काम खत्म करने के बाद अलग व्यवहार, यही लोकतंत्र की खूबसूरती है।

विपक्ष को PM के CJI से मिलने पर आपत्ति है। लेकिन जब राहुल गांधी इल्हान उमर से मिलते हैं, उससे आपत्ति नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इफ्तार पार्टी रखते थे। क्या उसमें चीफ जस्टिस नहीं आते थे।’

दरअसल, इल्हान उमर सोमालियाई-अमेरिकी राजनेता हैं। वे अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में पहुंचने वाली पहली दो मुस्लिम महिला सांसदों में से एक हैं। इल्हान उमर कई बार भारत विरोधी रुख अपना चुकी हैं। वे PoK को पाकिस्तान का हिस्सा बता चुकी हैं। राहुल ने अमेरिकी दौरे पर 10 सितंबर को उनसे मुलाकात की थी।

यूजर्स बोले- महाराष्ट्र में चुनाव नजदीक PM मोदी के चीफ जस्टिस के घर जाकर पूजा में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रिया आ रही हैं। नेताजी नाम के एक यूजर ने लिखा- कैमरा उनकी तरफ ही रखते तो सबको पता चल जाता, उनकी बात हो रही है। शुभम नाम के यूजर ने लिखा है- लगता है कोई बड़ा श्रीगणेश होने वाला है।

अर्चना नाम की एक यूजर ने तो यह भी लिखा कि महाराष्ट्र में जैसी पोशाक पहनी जाती है, वैसी पोशाक पहनी है। जज साहब भी महाराष्ट्र से हैं। बाकी ये संयोग है कि महाराष्ट्र में कुछ महीनों में चुनाव होंगे।

महाराष्ट्र CM शिंदे के घर भी गणेशोत्सव जारी, असम CM पहुंचे

देशभर में गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज गणेशोत्सव का छठा दिन है। बुधवार 11 सितंबर को महाराष्ट्र CM एकनाथ शिंदे के घर वर्षा बंगले पर भी गणेश पूजा की गई। इस दौरान असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा भी पहुंचे। उन्होंने गणेश पूजा की। उनके साथ शिंदे के बेटे और कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे और पूर्व लोकसभा सदस्य राहुल शेवाले भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024