Headlines

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में 3 आतंकी ढेर:अखनूर में पाकिस्तानी रेंजर्स की फायरिंग में BSF जवान घायल, 7 महीने बाद हुआ सीजफायर वॉयलेशन

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सुरक्षाबलों से एनकाउंटर में तीन आतंकी मारे गए हैं। सेना ने बताया कि आर्मी के फर्स्ट पैरा के जवानों को बुधवार सुबह उधमपुर के खंडरा टॉप के जंगलों में 2-3 आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी।

इसके बाद पुलिस के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दोपहर 12.50 बजे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग की। जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की। करीब चार घंटे चले एनकाउंटर के बाद सुरक्षाबलों ने तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया।

वहीं जम्मू-कश्मीर के अखनूर में 10-11 सितंबर की दरमियानी रात 2:35 बजे पाकिस्तानी जवानों ने बॉर्डर पर सीजफायर का उल्लंघन किया। जवाब में BSF के जवानों ने भी फायरिंग की। गोलीबारी में BSF का एक जवान घायल हो गया है।

BSF के प्रवक्ता ने बताया कि जवाबी एक्शन में पाकिस्तान को हुए नुकसान की अभी जानकारी नहीं है। घटना के बाद BSF के जवान बॉर्डर पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।

18 सितंबर को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की पहले फेज की वोटिंग होनी है। इससे सात दिन पहले उधमपर में एनकाउंटर और सीजफायर का उल्लघंन हुआ है। लिहाजा सुरक्षाबलों को अलर्ट पर रखा गया है।

भारत-पाकिस्तान के बीच 3,323 किलोमीटर लंबी बॉर्डर है, जिसमें से 221 किलोमीटर अंतरराष्ट्रीय सीमा और 740 किलोमीटर LOC जम्मू-कश्मीर में आती है।

समझौते के बाद पाकिस्तान ने 4 बार सीजफायर तोड़ा

14 फरवरी 2024: 20 मिनट तक भारत-पाक के बीच गोलीबारी हुई, कोई घायल नहीं 14 फरवरी की शाम 5.50 बजे जम्मू के मकवाल में BSF चौकी पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने गोलीबारी की। BSF ने भी इस गोलीबारी का जवाब दिया। BSF के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ओर से करीब 20 मिनट तक गोलियां चलीं। हालांकि, गोलीबारी में BSF का कोई भी जवान घायल नहीं हुआ है।

8 नवंबर 2023: सांबा के रामगढ़ सेक्टर में बॉर्डर पर गोलीबारी, BSF जवान शहीद

8 नवंबर 2023 को BSF जवान लाल फर्न किमा शहीद हो गए थे।

8 नवंबर 2023 को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में पाकिस्तानी रेंजर्स ने नयनपुर पोस्ट पर फायरिंग की थी। BSF जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। गोलीबारी में BSF जवान लाल फर्न किमा घायल हुए थे। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था। यह गोलीबारी रात 12:20 बजे हुई थी।

26 अक्टूबर 2023: पाकिस्तान ने मोर्टार दागे, एक BSF जवान और महिला घायल जम्मू के अरनिया और सुचेतगढ़ सेक्टर में पाकिस्तान ने 26 अक्टूबर को सीज फायर का उल्लंघन किया। इंटरनेशनल बॉर्डर पर रात 8 बजे पाकिस्तानी रेंजर्स ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें BSF का एक जवान और एक महिला घायल हो गई।

17 अक्टूबर 2023: 2021 के शांति समझौते के बाद पहली बार पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ा भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर 17 अक्टूबर को पाकिस्तानी रेंजर्स ने फायरिंग की थी। इसमें दो BSF जवान घायल हुए थे। घटना इंटरनेशनल बॉर्डर पर सुबह 8:15 बजे हुई थी। BSF ने बताया था कि जवान बिजली के खंभे में चढ़कर लाइट ठीक कर रहे थे, तभी गोली लगी।

भारत-पाकिस्तान के बीच 2021 में युद्धविराम का समझौता रिन्यू हुआ था भारत और पाकिस्तान ने 25 फरवरी, 2021 को युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। दोनों देशों ने घोषणा की कि वे जम्मू-कश्मीर और अन्य क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा (LoC) पर युद्धविराम पर सभी समझौतों का सख्ती से पालन करेंगे।

तब इस्लामाबाद और नई दिल्ली में जारी एक संयुक्त बयान में इसका ऐलान किया गया था। भारत और पाकिस्तान ने शुरुआत में 2003 में युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन पाकिस्तान समझौते का उल्लंघन करता आया है।

फरवरी 2021 में लोकसभा में तत्कालीन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा था कि 2018, 2019 और 2020 में पाकिस्तान के साथ भारत की सीमा पर संघर्ष विराम उल्लंघन के कुल 10,752 मामले हुए थे। जिसमें 364 सुरक्षाकर्मी और 341 नागरिक घायल हुए। 2020 में 5,000 से ज्यादा बार गोलीबारी की घटना हुई, जो एक साल में सबसे ज्यादा थी। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024