Headlines

हरियाणा चुनाव के बीच BJP को झटका:जो राम को लाए हैं… गाने वाले कन्हैया मित्तल कांग्रेस जॉइन करेंगे; बोले- राम एक पार्टी के नहीं

हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भजन गायक कन्हैया मित्तल कांग्रेस में शामिल होंगे। वह पंचकूला सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि भाजपा ने यहां से ज्ञानचंद गुप्ता को दोबारा टिकट दिया है।

कन्हैया मित्तल वही गायक हैं, जिन्होंने 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ गाना गाया था। यह गाना काफी फेमस हुआ था। मित्तल अक्सर भाजपा के कार्यक्रमों में नजर आते थे।

दैनिक भास्कर के रिपोर्टर चेतन सिंह से बातचीत में कन्हैया मित्तल ने कहा कि मैंने भाजपा से कभी टिकट की उम्मीद नहीं की। हम सभी जगह काम कर सकते हैं। मैं कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं। अभी तारीख और समय तय नहीं है। मैं लोगों से अपील करना चाहूंगा कि एक दल को सनातन का प्रतीक न समझें, सनातन हर जगह है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कन्हैया मित्तल।

कन्हैया मित्तल ने बातचीत में क्या कहा…

भास्कर : आप कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं? कन्हैया : हां, कब शामिल होंगे यह समय बताएगा। अभी कुछ नहीं कह सकते।

भास्कर : भाजपा के मंच पर आप दिखे, भजन गाए, आपकी भाजपा से क्या नाराजगी है? कन्हैया : मेरी भाजपा के साथ कोई नाराजगी नहीं है। हम सनातन के लिए काम करते आए हैं। सनातन का काम करने के लिए किसी दल की जरूरत नहीं है। हम सनातन का काम किसी के साथ भी कर सकते हैं।

भास्कर : सुनने में आ रहा था कि भाजपा आपको टिकट देगी? कन्हैया : उनके पास तो मुझसे भी अच्छे-अच्छे विकल्प हैं।

भास्कर : आपका लास्ट बार भाजपा के साथ अग्रोहा में कार्यक्रम हुआ, मुख्यमंत्री भी साथ थे। टिकट की उम्मीद थी? कन्हैया : मुझे उम्मीद नहीं थी और न उम्मीद वाली कोई बात थी। काम करने की हर किसी की शैली है। हमें कार्य करना है। हमें लगता है कांग्रेस के साथ मिलकर काम करना चाहिए, मन में है।

भास्कर : आपने लोकसभा चुनाव से पहले भजन गाया था ‘जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे’ क्या उस गाने के मायने अब बदले हैं? कन्हैया : मैंने उस समय भी कहा था कि अगर डॉ. मनमोहन सिंह भी मंदिर बनवाते तो मैं उनके लिए भी गाना गा देता। हमने तो उस शख्स को थैंक्स किया है, जो उस मंदिर के लिए काम कर रहा है। हमने भाजपा के दल या किसी और को थैंक्स नहीं किया। हमने थैंक्स किया योगी जी को, उनकी प्रशंसा सारी दुनिया करती है। हमने अपने सनातन के लिए काम करना है। वो हम कहीं भी कर सकते हैं।

भास्कर : कांग्रेस से कोई टिकट मिलने का आश्वासन मिला है? कन्हैया : ऐसा नहीं है, न ही इस चीज का लोभ है। हम समाज के लिए भी एक मैसेज देना चाहते हैं। एक दल को ही सनातन का प्रतीक न समझा जाए। हम सभी जगह काम कर सकते हैं।

भास्कर : अगर कांग्रेस टिकट देना चाहेगी तो लड़ेंगे? कन्हैया : यह समय बताएगा।

भास्कर : कांग्रेस में कब तक जाएंगे कोई तारीख निर्धारित है? कन्हैया : कोई तारीख फाइनल नहीं है। आज मेरा मेहंदीपुर बालाजी में कार्यक्रम है। फिर देखते हैं।

यह तस्वीर पिछले दिनों हिसार के अग्रोहा की है। यहां सम्मान समारोह के मंच पर मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ कन्हैया मित्तल बैठे हुए हैं।

CM सैनी के साथ दिखे थे मित्तल

कन्हैया मित्तल ने 4 अगस्त को चंडीगढ़ सेक्टर-30 स्थित अग्रवाल भवन से हिसार के अग्रोहा धाम के लिए पदयात्रा शुरू की थी। यह यात्रा 278 किलोमीटर की थी। 12 दिनों में यह यात्रा अग्रोहा पहुंची। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल और परिवहन मंत्री असीम गोयल शामिल हुए थे।

चंडीगढ़ के रहने वाले हैं कन्हैया मित्तल

कन्हैया मित्तल चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। उनके पिता साइकिल पर पंचकूला और आसपास के क्षेत्र में नमकीन बेचा करते थे। कन्हैया ने भी फड़ी लगाकर सामान बेचा है। 7 साल की उम्र में मित्तल ने भजन गाने शुरू कर दिए थे। वह अपने घर के पास बने मंदिर में कीर्तन और जागरण में जाते थे। 15 साल तक उन्होंने फ्री में भजन गाए।

10वीं क्लास में जब वह अच्छे नंबर से पास हुए तो उन्होंने IPS अफसर बनने का सपना देखा। इसके बाद जब उनके भजनों को लोग पसंद करने लगे तो इसे अपना प्रोफेशन बना लिया। 2015 के बाद उन्होंने भजन के लिए पैसे लेना शुरू किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024