लखनऊ में शनिवार शाम हादसा हो गया। तेज हो रही बारिश के बीच ट्रांसपोर्ट नगर में 3 मंजिला बिल्डिंग हरमिलाप अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के वक्त बिल्डिंग के बेसमेंट में काम चल रहा था। हादसे में 3 लोगों की की मौत हो गई है। 20 लोगों को मलबे से निकाल कर लोकबंधु हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल जसप्रीत सहनी और देशराज को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी भी करीब 13 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। इस बीच, फायर बिग्रेड और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एडवांस NDRF की एक टीम और SDRF की दो टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। कमिश्नर रोशन जैकब ने भी मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया।
घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें कई मजदूर जमीन पर घायल पड़े नजर आ रहे हैं। सीएम योगी ने तेजी से राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक 20 मरीज घायल अवस्था में लाए गए हैं। 3 की हालत गंभीर है। 2 को मृत अवस्था में लाया गया था।
यह बिल्डिंग राकेश सिंघल की है। उन्होंने इसे किराए पर दिया था। बिल्डिंग में कई कंपनियों का गोदाम बना था। शनिवार को बेसमेंट में काम चल रहा था। इस दौरान अचानक इमारत टेढ़ी हुई, जब तक लोग कुछ समझ पाते पूरी बिल्डिंग भरभराकर गिर गई।
हादसे की तस्वीरें देखिए…
