छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मंगलवार (3 सितंबर) को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 9 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 6 महिला नक्सली शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों के शव और SLR राइफल, 303 और 315 बोर राइफल, विस्फोटक बरामद किया है।
मुठभेड़ किरंदुल थाना क्षेत्र में बैलाडीला के जंगल में हुई। बताया जा रहा है कि करीब 13 घंटे तक मुठभेड़ चली है। फिलहाल इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन में शामिल सभी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जनवरी से आज तक कुल 153 नक्सली मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
नक्सलियों की सूचना पर रात में रवाना हुए थे जवान
दंतेवाड़ा जिले के SP गौरव राय ने दैनिक भास्कर को बताया कि, बैलाडीला की पहाड़ियों के नीचे पुरंगेल, लोहा गांव की तरफ पश्चिम बस्तर डिवीजन के माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद DRG और CRPF के जवानों को रात में सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया था। जवान जब नक्सलियों के कोर इलाके में घुसे तो नक्सलियों ने गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
बीजापुर में विस्फोटक के साथ पकड़े गए 13 नक्सली
बीजापुर जिले में भी पुलिस ने मंगलवार को 13 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सलियों से विस्फोटक, तीर-धनुष और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि, डीआरजी, पुलिस और कोबरा बटालियन 202 के जवान संयुक्त रूप से सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान तर्रेम क्षेत्र से इन्हें पकड़ा गया।
CM बोले- जवानों की बहादुरी को सलाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है, हमारे जवान लड़ रहे हैं। हम अपने जवानों की बहादुरी को सलाम करते हैं। अभी 9 नक्सली मारे गए हैं। बहुत जल्द इस राज्य से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा।
वहीं डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, जवानों की भुजाओं की ताकत है, जिसके आगे पूरा बस्तर शांत होने वाला है।
6 दिन पहले नारायणपुर में मारी गई थीं 3 महिला नक्सली
नारायणपुर के अबूझमाड़ में भी जवानों ने 29 अगस्त को मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों को मार गिराया था। इनकी पहचान उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी और पीएलजीए कंपनी नंबर 5 की सदस्य के रूप में हुई थी। इन पर 18 लाख का इनाम था। मौके से जवानों ने 303 राइफल और 315 बोर की बंदूक समेत भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की थी। पढ़ें पूरी खबर…
