Headlines

देश का मानसून ट्रैकर:तेलंगाना-आंध्र में बारिश-बाढ़ से 33 की मौत, 432 ट्रेनें कैंसिल; 23 राज्यों में आज बारिश की संभावना, गुजरात में रेड अलर्ट

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पिछले 3 दिनों से भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ आ गई है। दोनों राज्यों में अब तक 33 लोगों की मौत हुई है। इनमें 17 लोग आंध्र और 16 तेलंगाना के थे। सोमवार (2 सितंबर) की दोपहर तक लगभग 432 ट्रेनें कैंसिल की गईं। 139 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया।

आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उन्होंने अपने 50 साल के पॉलिटिकल करियर में यह सबसे बड़ी त्रासदी देखी है। हुदहुद और तितली साइक्लोन की तुलना में पिछले तीन दिनों की बारिश से ज्यादा नुकसान हुआ है। राज्य में करीब 4.5 लाख लोग प्रभावित हैं।

मौसम विभाग ने मंगलवार (3 सितंबर) को मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित 23 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुजरात के सूरत और भरूच जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट है। IMD ने अगले 3 दिनों में गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

आज 23 राज्यों में बारिश का अलर्ट

आंध्र प्रदेश: SDRF की 20 और NDRF की 19 टीमें तैनात
आंध्र प्रदेश में करीब 4.5 लाख लोग बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं। विजयवाड़ा, एनटीआर, गुंटूर, कृष्णा, एलुरु, पालनाडु, बापटला और प्रकाशम में हालात सबसे बुरे हैं। SDRF की 20 और NDRF की 19 टीमें राहत और बचाव में लगी हैं। विजयवाड़ा में 24 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली गुल रहने से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।

CM चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उन्होंने अपने 50 साल के पॉलिटिकल करियर में यह सबसे बड़ी त्रासदी देखी है। हुदहुद और तितली साइक्लोन की तुलना में पिछले तीन दिनों की बारिश से ज्यादा नुकसान हुआ है। CM नायडू ने बताया कि हेलिकॉप्टरों ​​​​​​, ड्रोन, नावों, ट्रैक्टरों और वैन के जरिए लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

तेलंगाना: बारिश-बाढ़ से 5438 करोड़ का नुकसान
तेलंगाना सरकार ने सोमवार को बताया कि बारिश-बाढ़ से राज्य को कुल 5438 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। 110 रिलीफ कैंप बनाए गए हैं। इनमें 4000 से ज्यादा लोग शरण लिए हुए हैं। लगातार बारिश के कारण खम्मम के प्रकाश नगर में मुन्नरू नदी का जलस्तर बढ़ गया है। खम्मम के कलेक्टर मुजम्मिल खान ने कहा कि पिछले 30 सालों में ऐसी बाढ़ नहीं आई है।

गुजरात: 10 नदियां और 132 जलाशय खतरे के निशान से ऊपर
गुजरात के सूरत और भरूच जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट है। IMD ने अगले 3 दिनों में गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्णा और अंबिका सहित 10 नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। 132 जलाशय ओवरफ्लो होने की कगार पर हैं। बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट है। पिछले कुछ दिनों में वडोदरा में बाढ़ प्रभावित इलाकों से 20,000 लोगों को निकाला गया है। 6,330 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। कुल 2,894 किलोमीटर सड़कों में से लगभग 139 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

हिमाचल प्रदेश: 100 से ज्यादा सड़कें बंद, 8 जिलों में बाढ़ का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को NH-707 समेत 109 सड़कें बंद रहीं। मौसम विभाग ने मंगलवार (3 सितंबर) को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, कुल्लू और किन्नौर में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बाढ़ की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि इस साल बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 151 लोगों की मौत हो हुई है।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से बारिश और बाढ़ की तस्वीरें…

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में NDRF ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हेलिकॉप्टरों के जरिए लोगों तक खाना, पानी और अन्य जरूरी सामान पहुंचाए।
तेलंगाना के निजामाबाद में भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। इलाके में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
विजयवाड़ा में सड़कों पर पानी भरा हुआ है। लोग अपना सामान लेकर पानी से गुजरते हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024