देश का मानसून ट्रैकर:गुजरात में बाढ़ से 8 लोगों की मौत, 6 जिलों में सेना तैनात, 30 ट्रेनें रद्द; 17 हजार लोगों का रेस्क्यू
गुजरात में तेज बारिश और बाढ़ से 2 दिनों 8 लोगों की मौत हुई है। राजकोट, आणंद, मोरबी, खेड़ा, वडोडरा और द्वारका में सेना को तैनात किया गया है।
अब तक 17 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। 1 नेशनल हाईवे, 34 स्टेट हाईवे, 636 अन्य सड़कें और 30 ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं।
मौसम विभाग ने कहा- मोरबी, पंचमहाल, खेड़ा, आणंद और वडोदरा स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। इन जिलों में बीते 24 घंटे में 12-12 इंच से भी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
राज्य में अगले 3 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार सुबह CM भूपेंद्र पटेल ने राज्य के सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद रखने का ऐलान किया।
गुजरात में बारिश की 5 तस्वीरें…
गुजरात में 3 दिन तक बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने गुजरात में 3 दिन तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 40-60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। इसके अलावा कई जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट है। सरकार ने लोगों से कहा है कि घरों से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें।
जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, 2 की मौत
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार को बादल फटने से तंगेर और दाड़ी नदियों में बाढ़ आ गई। बाढ़ में तीन परिवारों के 7 लोग लापता थे। मंगलवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान 2 शव बरामद हुए हैं। 5 लापता लोगों की तलाश जारी है।
राजस्थान में रिकॉर्ड बारिश, आज 14 राज्यों में अलर्ट
राजस्थान में अगस्त में रिकॉर्ड 315 मिलीमीटर बारिश हुई। पिछले 13 साल में अगस्त में इतनी बारिश नहीं हुई। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में भारी बारिश के अलर्ट के चलते स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। आज देश के 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है।
देशभर से बारिश की 4 फोटोज…
