Headlines

जम्मू भाजपा दफ्तर में टिकट कटने वालों का हंगामा:5 घंटे में भाजपा की 3 लिस्ट; सुबह 10 बजे 44 नाम जारी किए, 2 घंटे बाद 15 रह गए

जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सोमवार को कैंडिडेट्स की 3 लिस्ट जारी की। पहली लिस्ट सुबह 10 बजे आई। इसमें 3 फेज के 44 कैंडिडेट्स के नाम थे, लेकिन इसे थोड़ी ही देर में डिलीट कर दिया गया।

पहली लिस्ट के आते ही जम्मू भाजपा दफ्तर में कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी ने पैराशूट प्रत्याशी उतार दिए हैं। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना अपने केबिन में चले गए और दरवाजा बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद बाहर निकले और कहा- परेशान ना हों, सभी से पर्सनली बात करूंगा।

बात हाईकमान तक पहुंची। पहली लिस्ट जारी होने के 2 घंटे बाद 12 बजे एक और लिस्ट आई, इसमें सिर्फ फर्स्ट फेज के 15 कैंडिडेट्स के नाम थे। रविंद्र रैना ने कहा, “अभी फोकस 18 सितंबर को होने वाली फर्स्ट फेज की वोटिंग पर है। मैं हर कार्यकर्ता से पर्सनली बात करूंगा।”

इसके बाद 2 बजकर 45 मिनट पर एक और लिस्ट आई। इसमें सिर्फ एक नाम था। कोंकरनाग से चौधरी रोशन हुसैन के नाम की घोषणा की गई।

जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों के लिए 18 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच 3 चरणों में मतदान होंगे। नतीजे 4 अक्टूबर 2024 को आएंगे। जीत के लिए बहुमत का आंकड़ा 46 है।

25 अगस्त को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। इसमें जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई।

लिस्ट और हंगामे से जुड़ी 2 और बातें

1. पहली लिस्ट को पार्टी प्रवक्ता ने टाइपिंग एरर बताया था
पहली लिस्ट जारी होने के बाद डिलीट कर दी गई। दैनिक भास्कर ने इस पर जम्मू-कश्मीर के मीडिया प्रभारी सज्जाद से सवाल किया। उन्होंने बताया कि 44 उम्मीदवारों की सूची टाइपिंग एरर के कारण रद्द की गई है।

2. ओमी खजुरिया को टिकट नहीं मिला, सपोर्टर बोले- इस्तीफा देंगे
जम्मू दफ्तर में ओमी खजुरिया के नाम के नारे लगे, जिनका नाम पहली लिस्ट में नहीं था। वे जम्मू उत्तर से चुनाव लड़ते आए हैं, यहां कांग्रेस से भाजपा में आए शाम लाल शर्मा को टिकट दिया गया था। इस लिस्ट को पार्टी ने रोक दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024