देश का मानसून ट्रैकर:MP में नर्मदा-शिप्रा उफान पर; हिमाचल में 73 सड़कें बंद; राजस्थान के 4 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 21 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। प्रदेश की दो प्रमुख नदियां (नर्मदा और शिप्रा) उफान पर हैं। उज्जैन में कई घाट और मंदिर शिप्रा नदी में डूब गए हैं।
हिमाचल प्रदेश के बारिश के चलते 73 सड़कें बंद कर दी गईं। इनमें से 35 शिमला में, 20 मंडी में, 9 कांगड़ा में, 6 कुल्लू में, 2 किन्नौर में और 1 ऊना जिले में बंद हैं।
इधर, UP के बलिया में सरयू नदी में पीपा पुल बह गया। लखीमपुर खीरी में नाले में 2 युवक डूब गए। इसमें से एक की मौत हो गई। आज राजस्थान के 4 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट है।
हिमाचल में मानसून सीजन में 140 लोगों की मौत
केंद्र ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 27 जून को मानसून सीजन की शुरुआत से लेकर शुक्रवार (23 अगस्त) तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 140 लोगों की जान गई है और राज्य को लगभग 1,212 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
बिहार के भागलपुर में गंगा में बहे इंजीनियर
बिहार के भागलपुर में जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर इंस्पेक्शन के दौरान गंगा में बह गए। हालांकि उन्होंने लाइव जैकेट पहन रखी थी, इसलिए वे डूबे नहीं। उनके साथ NDRF टीम भी थी। नदी में रस्सी फेंककर उन्हें बोट पर वापस लाया गया।
देशभर से बारिश की तस्वीरें…
त्रिपुरा में 24 की मौत 2 लोग लापता
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को बताया कि भारी बारिश के चलते राज्य में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है और दो लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि 19 अगस्त से जिस तरह की बारिश हो रही है, वैसी मूसलाधार बारिश पहले कभी नहीं देखी है। त्रिपुरा के सभी 8 जिलों पर इसका असर पड़ा है। कई जगहों का संपर्क टूट गया है।
26 अगस्त को 6 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना
- IMD के मुताबिक महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश (20 सेमी से ज्यादा) की संभावना है।
- पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गोवा, तटीय कर्नाटक के कुछ स्थानों पर भारी बारिश (12 सेमी) की संभावना है।
- उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम और मेघालय, त्रिपुरा, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ स्थानों पर 7 सेमी तक बारिश होने की संभावना है।
