तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर की बेटी के. कविता की अंतरिम जमानत याचिका सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट ने खारिज कर दी। स्पेशल जज कावेरी बावेजा ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि उन्हें अंतरिम जमानत देने का यह सही समय नहीं है।
कविता ने अपने 16 साल के बेटे की परीक्षा का हवाला देते हुए अंतरिम जमानत की मांग की थी। उन्होंने कोर्ट से कहा कि उनके बेटे को मां के मॉरल और इमोशनल सपोर्ट की जरूरत है। ED ने इस दलील का विरोध किया और कहा कि वो सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकती हैं। साथ ही गवाहों को भी प्रभावित कर सकती हैं।
ED ने दिल्ली शराब नीति केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कविता को 15 मार्च को हैदराबाद के बंजारा हिल्स से गिरफ्तार किया था। वह 23 मार्च तक ED की हिरासत में थीं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 26 मार्च को उन्हें 9 अप्रैल तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा था। तब से कविता तिहाड़ जेल में हैं।
ED ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में नियमों का हवाला देकर उनकी याचिका का विरोध किया था। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 22 मार्च को कविता को जमानत देने से इनकार कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत के लिए ट्रायल कोर्ट में जाने का निर्देश दिया था।
कविता की बेल पर कोर्ट में दलीलें…
के कविता: सीनियर एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा- कविता का पासपोर्ट जमा है, उनके भागने का कोई खतरा नहीं है। उनका नाबालिग बच्चा है, जिसका इस महीने एग्जाम है। उसे एग्जाम की फिक्र है। यहां सवाल ऐसे मौके पर भावनात्मक सपोर्ट का है। प्रधानमंत्री रेडियो पर भाषण देते हैं कि एग्जाम की चिंता से कैसे निपटा जाए। पिता या परिवार का सदस्य कभी मां का विकल्प नहीं हो सकता। पिता कानूनी लड़ाई को संभाल रहे हैं। बच्चा तेलंगाना में है।
ED: वरिष्ठ वकील जोहैब हुसैन ने कहा- किसी महिला के लिए कानून में कोई अपवाद नहीं हो सकता है, ये महिला राज्य की बड़ी राजनेता हैं। कविता को इंडो स्प्रिट से फायदा पहुंचा और कंपनी में अरुण रामचंद्र उन्हीं के लिए काम कर रहे थे। हम केवल बयानों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं। हमारे पास वॉट्सऐप चैट और दूसरे सबूत भी हैं। वे अपने फोन से एविडेंस नष्ट करने और गवाहों को प्रभावित करने में भी शामिल थीं। हमारे पास इसके भी सबूत हैं।
(कोर्ट ने जब सबूत दिखाने को कहा तो जांच अधिकारी ने कुछ दस्तावेज दिखाए)
ED: कविता ने हमसे कहा था कि वे अपने मोबाइल देंगी। हमें 9 मोबाइल सौंपे गए और सभी फॉर्मेटेड थे। जब हमने पूछा तो वे टालमटोल करने लगीं। ये पहली बार नहीं हुआ। कम से कम 100 डिवाइस थीं, जिनसे डेटा डिलीट कर दिया गया या वे गायब हो गईं।
ED: इस केस में हमें सफलता मिलने वाली है। इस मौके पर कविता को किसी भी तरह की राहत देने से जांच पर असर पड़ेगा, क्योंकि वे बहुत प्रभावशाली हैं। वो लोगों को प्रभावित कर सकती हैं। गवाहों को बयान बदलने के लिए दबाव डाला गया है और कुछ ने अपने बयान बदले भी हैं। उनके CA ने भी अपना बयान बदला है।
कोर्ट: कविता की याचिका खारिज करते हुए जज कावेरी बावेजा ने कहा कि उन्हें अंतरिम जमानत देने का यह सही समय नहीं है।
दिल्ली शराब घोटाले में कविता का नाम कब आया?
दिल्ली शराब घोटाले केस में ED ने गुरुग्राम से कारोबारी अमित अरोड़ा को 30 नवंबर, 2022 में गिरफ्तार किया था। ED के मुताबिक, अमित ने अपने बयान में के. कविता के नाम का लिया था।
जांच एजेंसी ने दावा किया था कि कविता ‘साउथ ग्रुप’ नाम की एक शराब लॉबी की एक मुख्य लीडर थीं। उन्होंने विजय नायर के माध्यम से दिल्ली में AAP सरकार के नेताओं को 100 करोड़ रुपए का भुगतान किया था। AAP ने इस पैसे का इस्तेमाल गोवा और पंजाब विधानसभा चुनाव में किया।
फरवरी 2023 में CBI ने कविता के अकाउंटेंट बुचीबाबू गोरंतला को गिरफ्तार किया। ED ने भी बुचीबाबू से पूछताछ की थी। फिर ED ने हैदराबाद के व्यवसायी अरुण रामचंद्रन पिल्लई को 7 मार्च 2023 को गिरफ्तार किया।
पिल्लई ने पूछताछ में बताया था कि कविता और आम आदमी पार्टी के बीच एक समझौता हुआ था। इसके तहत 100 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ, जिससे कविता की कंपनी ‘इंडोस्पिरिट्स’ को दिल्ली के शराब कारोबार में एंट्री मिली। पिल्लई ने ये भी बताया कि एक मीटिंग हुई थी, जिसमें वो, कविता, विजय नायर और दिनेश अरोड़ा मौजूद थे। इस मीटिंग में दी गई रिश्वत की वसूली पर चर्चा हुई थी।
साउथ ग्रुप क्या है?
साउथ ग्रुप दक्षिण के राजनेताओं, कारोबारियों और नौकरशाहों का ग्रुप है। इसमें अरबिंदो फार्मा के प्रमोटर शरत रेड्डी, वाईएसआरसीपी के लोकसभा सांसद एम. श्रीनिवासुलु रेड्डी, उनके बेटे राघव मगुंटा और कविता शामिल थे। इस ग्रुप का प्रतिनिधित्व अरुण पिल्लई, अभिषेक बोइनपल्ली और बुचीबाबू ने किया था। तीनों को ही शराब घोटाले में गिरफ्तार किए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें
साल 2023 में कविता को भेजे गए थे तीन समन, इस साल 2 भेजे
ED ने शराब नीति मामले में पूछताछ के लिए कविता को साल 2023 में 3 समन भेजे थे। इस साल 2 समन भेजे गए, लेकिन उन्होंने SC की कार्रवाई का हवाला देते हुए पेश होने से इनकार कर दिया।
इसके बाद ED ने 15 मार्च को सुबह 11 बजे BRS नेता कविता के हैदराबाद स्थित घर पर रेड डाली थी। करीब 8 घंटे की तलाशी और कार्रवाई के बाद शाम 7 बजे उन्हें हिरासत में लिया गया। उसके बाद अरेस्ट किया गया। एजेंसी उन्हें लेकर दिल्ली आ गई थी।
